संवाद न्यूज एजेंसी
असंध (करनाल)। दानोली गांव में एक विशेष समाज की ओर से एक उम्मीदवार के कार्यक्रम का विरोध कर रिक्शा पर लगे झंडे फाड़ दिए गए। वहीं प्रचार के लिए पहुंची जेसीबी को रोक दिया। इसको लेकर दोनों समुदाय आमने-सामने हो गए। मामले की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और दोनों समुदायों को शांत करवाया।
पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि उनके गांव में बसपा और इनेलो प्रत्याशी गोपाल राणा का शाम का कार्यक्रम था। जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा प्रत्याशी का जेसीबी पर बैठा कर स्वागत करने का प्लान बनाया गया, लेकिन जब पार्टी प्रचार का रिक्शा लेकर गांव में पहुंचे तो एक विशेष समुदाय के व्यक्ति ने इसका विरोध किया। कहा कि इस तरह का कोई कार्यक्रम नहीं होने देंगे और पार्टी के झंडे भी तोड़ दिए। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामले को शांत करवाया।
थाना प्रभारी राकेश कुमार ने कहा कि उनके पास एक मैसेज आया कि दनोली में बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी का कार्यक्रम होने से रोका गया है। दो समुदाय में तनाव की स्थिति से बचने के लिए मौके पर पुलिस प्रशासन पहुंच गया था। कार्यक्रम को पुलिस की मौजूदगी में सम्पन्न करवाया गया।