क्षेत्र के एक में एक विवाहिता से सरपंच के पति द्वारा घर में घुसकर छेड़छाड़ के मामले में पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई न करने पर मामले ने तूल पकड़ लिया है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को चेताया कि अगर सोमवार तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया तो वे मंगलवार को थाने का घेराव कर प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही ग्रामीणों ने यह भी दावा किया है कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला वे सरपंच व उसके परिवार का सामाजिक बहिष्कार करेंगे।
गांव निवासी एक विवाहिता ने सरपंच के पति पर आरोप लगाया है कि वीरवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे मौजूदा सरपंच के पति नशे की हालत में दीवार फांदकर उनके घर में घुस गया। विवाहिता का आरोप है कि उसको घर में अकेला पाकर सरपंच पति ने उसके साथ छेड़छाड़ की थी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी विवाहिता की शिकायत पर मामला दर्ज न होने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने गांव में एक पंचायत का आयोजन किया। पंचायत आम आदमी पार्टी के सदस्य जेपी शेखपूरा की अध्यक्षता में की गई। इसमें पुलिस द्वारा मामला दर्ज न करने पर विरोध जताया। ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने चेताया कि अगर पुलिस ने सरपंच के पति पर सोमवार तक मामला दर्ज कर गिरफ्तार नहीं किया तो वे मंगलवार को पैदल मार्च कर थाने का घेराव करेंगे। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि गांव मलिकपूर की एक विवाहिता ने सरपंच के पति के खिलाफ शिकायत दी थी। मामले की जांच जारी है।
नहीं तो होगा सामाजिक बहिष्कार
सरपंच के खिलाफ एकजुट हुई महिला रानी, पिंकी, संतोष, देवकी, सपना, परमजीत, पूनम व अन्य ने कहा की सरपंच का काम गांव से बुराई खत्म करना और बहु-बेटियों को सुरक्षा दिलाना होता है, लेकिन जब सरपंच का पति ही महिलाओं पर बुरी नजर रखता हो तो वे कैसी सुरक्षित रहेंगी। महिलाओं ने आरोप लगाया की सरपंच का पति शराब के नशे में जबरन घरों में घुसता है और मुफ्त प्लॉट दिलवाने का लालच देकर महिलाओं की फांसने की कोशिश करता है जिससे गांव का माहौल बिगड़ चुका है। महिलाओं का आरोप है कि सरपंच का पति तीन महिलाओं के साथ छेड़छाड़ कर चुका है। सुरेश, वीरेंदर, विजय, शेरा, संदीप, सुखबीर, महेंदर और अन्य ने कहा की सरपंच प्रतिनिधि की ऐसी हरकतों से उनके गांव का नाम खराब हो रहा है। ग्रामीणोें ने चेताया कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो मंगलवार को सरपंच व उसके परिवार का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा।