पहाड़ी क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते यमुना का जलस्तर दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। शनिवार को एक बार फिर हथनी कुंड बैराज से यमुना में एक लाख क्यूसिक पानी छोड़ा गया है। यमुना का जलस्तर बढ़ने के साथ ही यमुना की तलहटी में बसे गांवों के लोगों की बेचैनी बढ़ने लगी है। हालांकि अभी तक यमुना में पानी की जो स्थिति वह खतरे के निशान से नीचे है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो यमुना के जलस्तर में इजाफा होने से परेशानियां बढ़ सकती हैं।
बारिश के चलते वीरवार को यमुना में एक लाख क्यूसिक पानी छोड़ा गया था, लेकिन बारिश का सिलसिला जारी रहने के चलते एक बार फिर शनिवार को यमुना में एक लाख क्यूसिक पानी और छोड़ा गया है। बढ़ते जलस्तर के चलते यमुना नदी व उसकी ब्रांच नहरें उफान पर हैं। प्रशासन द्वारा यमुना क्षेत्र में बांध सुरक्षा को लेकर हाई अलर्ट भी जारी कर दिया है।
सिंचाई विभाग के एक्सईएन मुनीष शर्मा ने बताया कि घबराने वाली कोई बात नहीं है। शनिवार को 6 बजे 1 लाख क्यूसिक पानी यमुनाअनदी में हथनीकुंड बैराज से छोड़ा गया है, उस पानी को इंद्री क्षेत्र में पहुंचने में 8 से 10 घंटे का समय लग जाता है। वीरवार को भी एक लाख क्यूसिक पानी यमुना नदी में छोड़ा गया था, फिलहाल यमुना नदी में स्थिति सामान्य है और इतने पानी में बाढ़ आने की कोई संभावना नहीं है।े