करनाल में निर्माणाधीन रिंग रोड पर भारतीय किसान यूनियन के धरने को आसपास के गांवों के लोगों का भी समर्थन मिलने लगा है। रविवार को गांव शेखपुरा स्थित जाट चौपाल में ग्रामीणों ने पहुंचकर रिंग रोड धरने के समर्थन का एलान किया।
रिंग रोड पर लिखित समझौते के मुताबिक सर्विस लेन न बनाए जाने से किसानों में रोष बढ़ रहा है। नाराज किसानों का धरना रविवार को तीसरे दिन में प्रवेश कर गया। धरनास्थल पर प्रशासन और एनएचएआई के खिलाफ नारेबाजी की गई। पंचायत में किसानों ने एकजुट होकर कहा कि यह लड़ाई सिर्फ एक गांव की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के हक और सम्मान की है।
धरने की अध्यक्षता करते हुए किसान नेता सतीश कांबोज रिंडल ने कहा कि प्रशासन और एनएचएआई अगर समय रहते रास्ता नहीं देते हैं तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। किसानों ने एक स्वर में कहा कि जब तक सर्विस लेन नहीं बनाई जाती, तब तक धरना और संघर्ष जारी रहेगा।
इस मौके पर यूनियन के प्रवक्ता सुरेंद्र सांगवान, महासचिव राजेंद्र राणा, चांदवीर, शक्ति सिंह, बबलू सोहाना, प्रकाश शेखपुरा, कविंद्र सिंह, जोगिंद्र सांगवान, देवेंद्र सांगवान, महावीर देसवाल, तारा चंद शर्मा, कृष्ण चंद शर्मा, राजेश बेनीवाल सहित काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।