निसिंग। जेपीएस एकेडमी निसिंग के प्रिंसिपल बलराज सिंह को व्हाट्सएप पर मैसेज के माध्यम से स्कूल में फेयरवेल पार्टी न कराने की धमकी मिली है। विदेेशी नंबर से आए मैसेज में कहा गया है कि फेयरवेल पार्टी की तो गोलियां चलवा देंगे। प्रिंसिपल ने पुलिस को शिकायत दी है। निसिंग थाना पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है।
प्रिंसिपल बलराज सिंह ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उनके पास 3 फरवरी की रात 11:59 बजे अमेरिकी नंबर +1(252)5108333 से एक धमकी भरा मैसेज मिला जिसमें कहा गया कि 11 फरवरी बुधवार को 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों की विदाई पार्टी आयोजित न की जाए। धमकी भरा संदेश हरियाणवी में लिखा हुआ था जिसकी शुरुआत अश्लील और अपमानजनक शब्दों से करते हुए स्कूल परिसर में गोली चलाने की बात कही गई है। साथ ही कहा गया है कि कार्यक्रम को स्थगित नहीं किया तो भविष्य में गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
इससे पहले भी बीते माह की 28 जनवरी को क्षेत्र के 18 स्कूलों को ई-मेल से बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। पेनिक होने की आवश्यकता नहीं है। पुलिस अपने स्तर पर गंभीरता से जांच कर रही है। शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
- श्रीभगवान, प्रभारी, निसिंग थाना