संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। श्री सनातन धर्म शिव मंदिर सभा पुराना सर्राफा बाजार की ओर से 49वां महाशिवरात्रि पर्व हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में वीरवार को प्रभातफेरी निकाली गई।
सुबह पांच बजे शिव मंदिर में भगवान शिव शंकर की आरती करने के बाद श्रद्धालु पालकी लेकर चले। चौड़ा बाजार, बांसो गेट, मटक माजरी, भगत मंडी, जनता मंडी, रूप काॅलोनी व दयालपुरा गेट भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठा। महिलाओं ने परिवार सहित शिव शंकर की आरती उतारी और मनोकामनाएं मांगी। पुष्प वर्षा कर प्रभातफेरी का स्वागत किया गया। भजन मंडली ने जब हरि ऊँ के नाम पे हुए राजी शिव शंकर भोले बाबा जी गाया तो श्रद्धालु भाव विभोर हो गए। इस मौके पर सभा के प्रधान रमेश जिंदल ने बताया कि 18 जनवरी को प्रभातफेरी खेड़ा कालोनी व सेक्टर 16 में निकाली जाएगी।