संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। असंध के अरड़ाना गांव के राइसम मिल के मुनीम कर्मवीर की हत्या में शामिल पांचवें आरोपी पानीपत के मतलोडा की गायत्री कॉलोनी निवासी मनीष को अदालत में पेश करके तीन दिन का रिमांड पर लिया है। अब आरोपी को दोबारा 22 दिसंबर को अदालत में पेश किया जाएगा। आरोपी मनीष ने पुलिस पूछताछ के दौरान बताया कि उसने ही आरोपी प्रदीप के साथ मिलकर चादर से कर्मवीर का गला घोंटा था।
मृतक के साले मोहित ने कर्मवीर के पैर दबाए रखे थे। इसके अलावा मामले में शामिल मृतक की पत्नी पूनम और सास रोशनी ने घर के बाहर खड़े होकर पहरेदारी की थी। ताकि कोई आए तो पता लग जाए। असंध सीआईए प्रभारी सुलिंदर सिंह ने बताया कि कर्मवीर की हत्या के मामले में आरोपी मनीष को शुक्रवार को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया था। आरोपी मनीष मामले में शामिल मुख्य आरोपी और मृतक की पत्नी के प्रेमी प्रदीप की बुआ का लड़का है। जोकि करनाल के ही एक लूट के मामले में करनाल जेल में बंद था, जिसको प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी का न्यायालय ने 22 दिसंबर तक रिमांड मंजूर किया है। मामले में गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों मृतक की पत्नी पूनम, सास रोशनी, साले मोहित और पत्नी के प्रेमी प्रदीप को चार दिन के रिमांड के बाद जेल भेजा जा चुका है।
-
2010 में हुई थी पूनम और कर्मवीर की शादी
जींद जिले के पहलवा गांव की पूनम की शादी वर्ष 2010 में अरड़ाना गांव में कर्मवीर के साथ हुई थी। पूनम के दो बच्चे हैं। कई साल से पूनम और प्रदीप का प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रदीप भी जींद के ही एक गांव का रहने वाला है, लेकिन कई सालों से असंध की दरबारा कॉलोनी में पूनम के पड़ोस में रहता है। उनके प्रेम प्रसंग का घर वालों को भी पता था।
-
ऐसे पकड़ में आए पांचों आरोपी
अरड़ाना गांव निवासी संजय ने असंध पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि उनका भाई असंध में रहता था। वह राइस मिल में मुनीम का काम करता था। 12 सितंबर, 2024 को सुबह 4 बजे उनके पास उनकी भाभी पूनम देवी का फोन आया था। उन्होंने कहा था कि कर्मबीर कुछ भी बोल नहीं रहा है। जब वो और चचेरा भाई मौके पर पहुंचे तो कर्मबीर मृत अवस्था में मिला। उनके गले और चेहरे पर चोट के निशान थे। इसके बावजूद भी परिजन शव गांव में अंतिम संस्कार के लिए लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंच गई और श्मशान घाट से शव को कब्जे में लेकर असंध के सिविल अस्पताल ले जाकर पोस्टमॉर्टम कराया।
संजय ने आरोप लगाया था कि उन्हें अंदेशा है कि भाभी पूनम देवी, उसकी मां रोशनी देवी, भाई मोहित निवासी पहलवा जिला जींद और प्रदीप निवासी असंध ने उसके भाई की हत्या की है। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर आठ नंवबर 2025 को चारों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच शुरू की थी। असंध सीआईए चार आरोपियों को जेल भेज चुकी है। अब पांचवें आरोपी मनीष को प्रोडक्शन वारंट पर लिया है।
-
पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
मृतक कर्मबीर की मौत के मामले में पुलिस ने पहले पत्नी पूनम के बयान पर मौत बीमारी से होना दर्शाई गई थी। मृतक के भाई संजय ने एसपी करनाल को शिकायत दी तो पुलिस ने मामले की दोबारा से जांच की। आठ नवंबर को आई मेडिकल रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट रूप से गला दबाना आया। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की थी।