माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शहर में मंगलवार सुबह बिजली निगम के रखरखाव कार्य के कारण कई इलाकों में करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। यह कटौती सुबह 6 बजे से 8 बजे तक की गई। उपभोक्ताओं को पहले ही इसकी सूचना दी गई थी।
बिजली निगम ने 33 केवी सेक्टर-4 बिजलीघर और 33 केवी मेरठ रोड लाइन पर पेड़ों की छंटाई व आवश्यक रखरखाव कार्य कराया। सुबह के समय बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सेक्टर-4 बिजलीघर से जुड़े 11 केवी सेक्टर-4, सेक्टर-5, जीटी रोड, डिस्पोजल, पाम, राजदरबार, जेटीपीएल, सिग्नेचर ग्लोबल, मेरठ रोड, जेबीबी, आरएएस और ट्रांसपोर्ट नगर फीडरों की आपूर्ति प्रभावित रही।
इसी दौरान 33 केवी मेरठ रोड लाइन पर भी रखरखाव कार्य किया गया। इसके कारण मेरठ रोड मार्केट, अर्जुन गेट, कलंदरी गेट, कर्ण गेट, सेक्टर-14 पार्ट-2 और सेक्टर-7 के कुछ क्षेत्रों में बिजली बंद रही। निगम के अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित समय में कार्य पूरा कर आपूर्ति बहाल कर दी गई।
रखरखाव का उद्देश्य
अधीक्षक अभियंता नसीब सिंह ने बताया कि यह कार्य बिजली ढांचे के रखरखाव के लिए जरूरी था। पेड़ों की छंटाई जैसे कार्यों का उद्देश्य लाइनों से जुड़े खराबी की संभावना कम करना है। इससे बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलती है। निगम ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील भी की थी।