संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान शाहपुर की ओर से करनाल के सभी खंडों में सोमवार को युवा संसद प्रतियोगिता आयोजित की गई। छात्र-छात्राओं ने लोकसभा अध्यक्ष, प्रधानमंत्री, नेता विपक्ष, सत्ता और विपक्ष के सदस्य, महासचिव, कैबिनेट मंत्रीगण, पत्रकार, विदेशी प्रतिनिधि व लोकसभा स्टाफ की भूमिकाएं निभाते हुए सदन में उठाए जाने वाले ज्वलंत मुद्दों पर बहस की। प्रतियोगिता में पोपड़ा, पूंडरी, बड़ौता, माहियुदीनपुर और उड़ाना ने प्रथम स्थान हासिल किया।
इसके साथ ही प्रतियोगिता में सदन की गरिमा बनाए रखते हुए शपथ ग्रहण, शोक प्रस्ताव, बधाई संदेश, परिचय, प्रश्नकाल, शून्यकाल, ध्यान आकर्षण प्रस्ताव, काम रोको प्रस्ताव और विधेयक पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वाचन जैसे सभी प्रमुख प्रक्रियाओं को शामिल किया गया। संस्थान के आयोजक बृजेश वत्स ने बताया कि जिले के छह खंडों के प्रत्येक खंड से 5-5 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (कुल 30 विद्यालय) को प्रतिभागिता के लिए मनोनीत किया गया था। इस प्रतियोगिता में कक्षा 9 से 12 तक के लगभग 1560 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
वातावरण को वास्तविक लोकसभा की तरह प्रस्तुत करने के लिए प्रत्येक विद्यालय की टीम ने नाट्यरूपांतरण द्वारा सदन की कार्यवाही का प्रदर्शन किया। बृजेश वत्स ने बताया कि खंड स्तर पर केवल प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालय अब 29 सितंबर से जिला स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसके बाद विजेताओं को कमिश्नरी, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने का अवसर भी मिलेगा।
प्रतियोगिता के परिणाम
खंड असंध : गंगाटेढ़ी पोपड़ा प्रथम, गोल्ली द्वितीय और उपलाना तृतीय रहा
खंड घरौंडा : पूंडरी प्रथम, चौरा द्वितीय और कैमला तृतीय रहा
खंड निसिंग : बड़ौता प्रथम, खेड़ी नरु द्वितीय और बस्तली तृतीय रहा
खंड करनाल : मोहियुदीनपुर प्रथम, रंबा द्वितीय और मंगलपुर तृतीय रहा
खंड इंद्री : उड़ाना प्रथम, गढ़ी बीरबल द्वितीय और मुरादगढ़ तृतीय रहा