संवाद न्यूज एजेंसी
मूनक। राजकीय कन्या महाविद्यालय पाढ़ा में चौथी वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
इस दौरान 800, 400, 200 व 100 मीटर दौड़, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, लंबी कूद, ऊंची कूद, जैवलिन थ्रो, थ्री लेग रेस और रिले दौड़ के मुकाबले हुए। लंबी व ऊंची कूद में पूजा प्रथम स्थान पर रहीं। वहीं 800 व 400 मीटर दौड़ में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा आरती ने पहला स्थान पाया।
200 मीटर दौड़ में एकता ने बाजी मारी। डिस्कस थ्रो में पूजा प्रथम रही। बीए तृतीय वर्ष की छात्रा आरती ने कई प्रतियोगिताओं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त किया इसलिए उसे महाविद्यालय की बेहतर एथलीट के खिताब से नवाजा गया। इस मौके पर महाविद्यालय की पूर्व प्राचार्य डॉ. वेदवती मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने चौथे वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की। प्राचार्य चमन लाल ने कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण अंग है। यह हमारे स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के लिए सहायक है।
मुख्य अतिथि डॉ. वेदवती ने कहा कि छात्राओं को खेलों में जरूर आगे आना चाहिए। महाविद्यालय के प्राचार्य ने खेल उपलब्धियों का ब्योरा दिया तथा बताया कि महाविद्यालय में कबड्डी और खो-खो की टीमें बनी हैं। इन दोनों टीमों ने अंतर-महाविद्यालय खेल-कूद प्रतियोगिताओं में भागीदारी ली तथा महाविद्यालय की छात्रा आरती ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित भारोत्तोलन प्रतियोगिता में 68 किलो भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। मौके पर डॉ. बलवीर, नरेश (शारीरिक विज्ञान शिक्षक), संयोजक प्रो. जितेंद्र कुमार, सुमन आर्य, सुमन रानी, डॉ. कर्मजीत, दीपिका, मीनाक्षी मौजूद रहीं।