कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर के अपने पद से इस्तीफा देने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस पर हमला बोला है। सीएम ने कहा कि ऐसा कांग्रेस में पहली बार नहीं हुआ है, पहले भी ऐसा ही होता रहा है। कांग्रेस में कभी भी कोई काम बिना पैसे के नहीं होता है। एक तरह से तंवर ने कांग्रेस का पर्दाफाश किया है। एक सवाल के जवाब में सीएम ने साफ किया कि तंवर को कभी भी हमने नहीं बुलाया और न ही वे हमारे संपर्क में हैं। उनकी एंट्री भाजपा में नहीं होगी। अगर वे हमारे संपर्क में होते तो कब के पार्टी में आ चुके होते। मनोहर लाल ने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि हमारे संपर्क में कांग्रेस के ऐसे नेता हैं, जिनका इतिहास ठीक है, जिन पर दाग है, उनको भाजपा में शामिल नहीं किया जाएगा।
शनिवार को अग्रवाल धर्मशाला स्थित अपने चुनावी कार्यालय में पहुंचे सीएम मनोहर लाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अकेले अशोक तंवर ही नहीं अन्य सीनियर लीडर रणजीत सिंह ने सिरसा में जाकर कहा है कि, कांग्रेस साफ हो रही है। इसके अलावा, मुझे पता लगा है कि गुरुग्राम में भी कांग्रेस कार्यालय में जाकर नेताओं ने इस्तीफा दिया है। मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस में नेताओं का एक दूसरे पर विश्वास नहीं है। इसलिए ही ऐसा हो रहा है।
भाजपा में विरोध नहीं, एकाध नाराज होगा तो उसे मना लेंगे
अपने विधायकों की टिकट काटने को लेकर पार्टी में उठे विरोध को लेकर सीएम ने कहा है कि भाजपा में किसी प्रकार का कोई विरोध नहीं है। एकाध कोई नाराज होगा तो उसे मना लिया जाएगा। भाजपा पूरी तरह से एक है, यहां पर किसी प्रकार की गुटबाजी के लिए कोई स्थान नहीं है। कांग्रेस पर हमलावर होकर सीएम ने फिर से कहा कि, कांग्रेस ने 46 स्थानों पर टिकटें बदली हैं, लेकिन अपने स्थानीय विधायकों की काटने की हिम्मत नहीं जुटा पाई। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि जिस प्रकार से जनता का आशीर्वाद मिल रहा है, उससे लग रहा है कि वे 75 प्रकार का लक्ष्य जरूर पार करेंगे। अपनी प्राथमिकताओं के बारे में मनोहर लाल ने कहा कि दोबारा से सीएम बने तो उनकी प्राथमिकताएं शिक्षा, स्कील और स्वास्थ्य रहेंगी।
पीएम कुरुक्षेत्र और राष्ट्रीय अध्यक्ष करनाल में करेंगे रैली
सीएम मनोहर लाल ने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत अन्य केंद्रीय नेताओं की रैली होगी। उन्होंने संकेत दिया कि पीएम की रैली कुरुक्षेत्र में हो सकती है और राष्ट्रीय अध्यक्ष की करनाल में। फिलहाल संगठन इस पर विचार कर रहा है कि किस नेता को कहां पर भेजना है।