चुनाव आचार संहिता लगने से पहले वीरवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल पूरी तरह से चुनावी मूड में नजर आए। सुबह से लेकर रात तक सीएम ने मतदाताओं को लुभाने के लिए घोषणाएं की। साथ ही करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार डॉ. मंगल सैन आडिटोरियम परिसर से 585 करोड़ रुपये की 47 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर करनाल के लोगों की दिल जीतने की कोशिश की। साथ ही बार एसोसिएशन के वकीलों, किसानों और व्यापारियों के कार्यक्रम में जाकर सभी को साधने का प्रयास किया। इसके अलावा, इनेलो के नेता मदन मोहन चौधरी के घर रात्रि भोज कर उनको भाजपा में शामिल किया। एक तरह से सीएम ने अपने गढ़ को और मजबूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। यहां तक सीएम ने मंच से ये भी कहा कि विधानसभा चुनाव में उनके पास कम समय होगा, इसलिए वे पहले से ही करनाल के मतदाताओं से अपील कर रहे हैं कि वे ही मेरा चुनाव लड़ें।
सबसे पहले सीएम मनोहर लाल वकीलों के पास बार संघ के कार्यालय पहुंचे और उनको एक एकड़ जमीन देने के साथ-साथ अन्य घोषणाएं की। इसके बाद नए शुगर मिल के भूमि पूजन में शामिल होकर किसानों को बड़ी सौगात दी। बाद में करीब दस करोड़ रुपये की लागत से बने डॉ. मंगल सैन आडिटोरियम समेत 322 करोड़ रुपये की 47 परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इन विकास कार्यों में 102.75 करोड़ रुपये के 10 परियोजनाओं का उद्घाटन और 219.89 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 37 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसके बाद व्यापारियों को साधने के लिए एचएचआईडीसीकार्यालय में पहुंचकर व्यापारियों की समस्याएं जानी और समाधान के आदेश दिए। बाद में पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पहुंचे और यहां पर भाजपा कार्यकर्ताओं समेत आम जनता की समस्याएं भी सुनी। देर रात इनेलो के नेता मदन मोहन चौधरी के घर डिनर किया और उनको भाजपा में आने पर स्वागत किया। सुबह से रात तक सीएम एक के बाद एक कार्यक्रम में व्यस्त रहे, खास बात ये रही कि हर जगह सीएम ने वोटों की अपील भी की। सीएम ने कहा कि अगर हमारी सरकार ने अच्छा काम किया है तो अगले पांच साल के लिए वोट जरूर दें।
करनाल के लिए ये है खास
आंबेडकर चौक के पास दस करोड़ से बना डॉ. मंगलसैन ऑडिटोरियम 46.99 करोड़ से नगर निगम के तहत 27 नई वैध कॉलोनियों और नौ गांवों में जल आपूर्ति और सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करना शामिल है। 85.59 करोड़ से करनाल-मेरठ रोड के छह लाइनिंग करने के कार्य का विस्तारीकरण शामिल है। 263 करोड़ रुपये से शुगर मिल के नवीनीकरण का कार्य शुरू करना।
मिल का एक साल में काम होगा पूरा
मेरठ रोड स्थित दी करनाल सहकारी चीनी मिल के विस्तारीकरण के भूमि पूजन पर सीएम ने हवन में आहुति डाली और मिल के विस्तारीकरण के लिए ईंट रखकर कार्य की शुरूआत की। इस मिल की क्षमता अब 2200 टीसीडी से बढ़कर 3500 टीसीडी हो जाएगी। इस कार्य पर करीब 263 करोड़ रुपये खर्च आएगा। उन्होंने कहा कि इस शुगर मिल के विस्तारीकरण के बाद 50 लाख क्विंटल तक गन्ने की पेराई की क्षमता होगी। किसान को अब अपना गन्ना बाहर ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने बताया कि करनाल शुगर मिल की क्षमता 3500 टीसीडी होगी और 18 मेगावाट बिजली उत्पादन के कार्य भी होगा। उन्होंने कहा कि इस चीनी मिल के विस्तारीकरण का कार्य एक साल में ईजक कंपनी द्वारा पूरा किया जाएगा।
भाकियू प्रदेशाध्यक्ष से मांगा आशीर्वाद
शुगर मिल के नवीनीकरण कार्यक्रम के दौरान भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष रतन मान जब धन्यवाद कर रहे थे तो सीएम ने कहा कि, अगले साल किस मुख्यमंत्री से गन्ना पेराई शुरू कराओगे। इस पर मान ने जवाब दिया कि आपसे से ही। इस पर पास खड़े घरौंडा के विधायक हरविंद्र कल्याण ने कहा कि, ऐसे नहीं अपना आशीर्वाद दो, तो मान ने कहा कि सीएम साहब मेरे से बड़े हैं, आशीर्वाद तो क्या दूंगा, लेकिन अच्छा काम किया है तो तारीफ जरूर करता हूं। इस पर खुद सीएम मनोहर लाल खड़े हुए और मान के साथ हाथ मिलाकर उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर, मंत्री कर्णदेव कांबोज, विधायक बख्शीश सिंह, शुगर फेड के चेयरमैन हरपाल सिंह चीका, मेयर रेनू बाला, ओएसडी अमरेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष जगमोहन आनंद, भाजपा नेता अशोक सुखीजा, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष सतीश राणा, पूर्व चेयरमैन राकेश नागपाल, कुलदीप शर्मा, जगदेव पाढ़ा, शुगर फेड के प्रबंधक निदेशक कैप्टन शक्ति सिंह, शुगर मिल के एमडी डॉ. सुशील मलिक, वीरभान कौशिक, राजपाल लाठर सहित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।