इंसानों की तरह पशुओं के लिए भी सरकार द्वारा आधुनिक चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी योजना के तहत करनाल के जीटी रोड स्थित गांव उचानी के पास नौ करोड़ की लागत से आधुनिक पॉलीक्लीनिक सेंटर बनाया जाएगा। जहां पशुओं के एक्स-रे से लेकर खून जांच, गोबर मूत्र, त्वचा संबंधी रोगों की निशुल्क जांच की जाएगी। सघन पशुधन विकास परियोजना के उपनिदेशक डा. धर्मेंद्र ने बताया कि इसके लिए हेड ऑफिस पंचकूला को प्रपोजल भेजा गया है। वहां से अनमुति मिलने के बाद यह आसपास के छह जिलों के पशुपालकों के लिए एक बड़ी सौगात होगी। उन्होंने बताया कि पॉलीक्लीनिक सेंटर को तीन एकड़ में बनाया जाएगा जिस पर करीब 9 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह सेंटर बनने से करनाल सहित अंबाला, कुरुक्षेत्र, पानीपत, कैथल व यमुनानगर के पशुपालकों और पॉल्ट्री फार्मों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस सेंटर में पशु-पक्षियों के साथ घरों में पाले जाने वाले कुत्ते-बिल्लियों आदि जीवों का भी विशेषज्ञों द्वारा उपचार किया जाएगा। उपचार के दौरान सभी चिकित्सीय सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
ये सुविधाएं मिलेंगी
डा. धर्मेंद्र ने बताया कि पॉलीक्लीनिक सेंटर में आधुनिक मशीनरी होगी। जिससे पशुओं का एक्स-रे, पशु सर्जरी, अल्ट्रासाउंड, खून, गोबर मूत्र, त्वचा की जांच होगी। साथ ही सेंटर में चार स्पेशलिस्ट डॉक्टर होंगे जो पशुओं की हर तरीके से जांच करेंगे।
पांचवां जिला बनेगा करनाल
डॉ. धर्मेंद्र ने बताया कि सोनीपत, भिवानी, सिरसा व रोहतक के बाद करनाल पांचवां पॉलीक्लीनिक सेंटर बनाने वाला जिला बन जाएगा। उन्होंने कहा कि पशुओं के साथ जिले के पॉल्ट्री व्यवसाय के एक करोड़ 35 लाख पक्षियों को भी इसका लाभ होगा। जिले में तीन लाख 50 हजार पशुओं के साथ 83 लाख अंडा उत्पादन मुर्गी, 13 लाख चिकन उत्पादन व सात लाख 54 हजार चूजे पैदा करने वाली मुर्गी मौजूद हैं।