माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सड़कों पर पिछले तीन साल में जहां पांच से ज्यादा हादसे हुए हैं या 10 मौत हुई हैं, उन जगहों को ब्लॉक स्पॉट के रूप में चिह्नित किया जाएगा। इसके लिए यातायात पुलिस और सभी जिलों के नोडल अधिकारियों की ओर से सर्वे किया जाएगा। ताकि ऐसे स्थलों की पहचान करके जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए जा सकें।
इसे लेकर यातायात एवं हाईवे आईजी डॉ. राजश्री सिंह ने निर्देश जारी कर दिए हैं। शुक्रवार को उन्होंने सभी जिलों के विभाग के नोडल अधिकारियों की ऑनलाइन बैठक ली। उन्होंने कहा कि प्रत्येक 500 मीटर के दायरे के रूप में ऐसी जगहों को चिह्नित करना है, जहां हादसे होते हैं। उनका कारण भी पता किया जाएगा। सड़कों को सुरक्षित व हादसा मुक्त बनाना उनका उद्देश्य है। बैठक में करनाल के उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, आजाद सिंह और गुरलाल भी जुड़े।
टोल प्लाजा पर बढ़ेगी सख्ती
बैठक में आईजी ने निर्देश दिए कि सभी अपने जिले के सड़क सुरक्षा अधिकारियों को साथ लेकर टोल प्लाजा पर लेन ड्राइविंग और शराबी वाहन चालकों की जांच करें। जो भी उल्लंघन करता है, उनके विशेष रूप से अभियान चलाकर चालान किए जाएं। उन्होंने कहा कि मई माह में राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता होगी। एक्सेस कंट्रोल के लिए संबंधित विभाग को लिखा जाएगा। ताकि बेसहारा पशुओं के सड़क पर आने से हादसे न हों।