पानीपत। थाना तहसील कैंप की इंद्रा कॉलोनी में अपहरण के बाद पिटाई कर सोनू की हत्या के मामले में पुलिस की टीमें जांच में जुट गई हैं। इस मामले में थाना पुलिस के साथ साथ सीआईए की टीमें भी लगी है। आरोपी बिल्लू व तुषार की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस प्रकरण का खुलासा कर दिया जाएगा।
इंद्र कॉलोनी के सोनू का 13 अगस्त को घर से अपहरण कर लिया था। इसके बाद उसकी आंखों पर पट्टी बांधकर उसकी पिटाई की थी। जिस कारण रविवार को उसकी पीजीआई रोहतक में मौत हो गई। सोनू के जीजा जींद के नीमनाबाद निवासी सुल्तान ने दो युवकों बिल्लू और तुषार पर पैसे के लेन-देन में अपहरण कर पिटाई कर हत्या करने के आरोप लगाए थे। इसके बाद से ही पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है।
पुलिस टीम ने आरोपियों और मृतक सोनू के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही घटना के दिन की सीसीटीवी फुटेज भी देखी जा रही है। इसके साथ ही पुलिस टीम दोनों आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। लेकिन अभी तक पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। उधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सोनू की हत्या के मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। तहसील कैंप थाना प्रभारी बलजीत सिंह ने बताया कि टीमें जांच में जुटी है। आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। इसके बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।