करनाल। अंबाला और यमुनानगर में जहरीली शराब से मौतें होने के बाद पुलिस ने अवैध तरीके से शराब बनाने व बेचने वालों पर शिकंजा कसा हुआ है। इसी कड़ी में करनाल पुलिस ने भी अभियान चलाते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 43 आरोपियों को काबू किया है। जिनके पास से 458 बोतल देसी शराब भी बरामद हुई। आरोपियों को अदालत में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार जिन आरोपियों को काबू किया गया उनके खिलाफ अवैध तरीके से बिना लाइसेंस शराब बेचने पर आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए। इस संबंध में थाना असंध में छह, बुटाना में दो, घरौंडा में एक, इंद्री में दो, शहर में पांच, सिविल लाइन में एक, सदर में छह, कुंजपुरा में तीन, मधुबन में चार, मुनक में एक, निगदू में दो, निसिंग में दो, रामनगर में चार, सेक्टर 32-33 में तीन और थाना तरावड़ी में एक मुकदमा दर्ज किए गए। एसपी शशांक कुमार सावन का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान चलाए जाएंगे। ब्यूरो