इंद्री में पुलिस में भर्ती के नाम पर लोगों से ठगी करने के आरोप में पुलिस ने एक महिला को दबोचा है। आरोपी महिला ने पुलिस में भर्ती करवाने के नाम पर 3 लाख 75 हजार रुपये में सौदा तय किया था।
इसमें से एक लाख रुपये एडवांस ले लिए थे। पुलिस ने महिला के खिलाफ केस दर्ज कर एक कार, मोबाइल फोन व 10 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। महिला का मेडिकल करवाने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया। आरोपी की पहचान रमनदीप कौर वासी करनाल के रूप में हुई है।
पकड़ी कई महिला ने खानपुर गांव के अनिल कुमार पुत्र हुक्म चंद से पुलिस में नौकरी लगवाने के नाम ठगी की है। पुलिस में भर्ती कराने के लिए 3 लाख 75 हजार रुपये में सौदा तय किया गया था। सौदा तय हो जाने के बाद महिला ने एक लाख रुपये एडवांस लिए थे और बाकी 2 लाख 75 हजार रुपये जल्द लेने का वायदा कर चली गई।
महिला कुछ दिन बाद भी जब वापस नहीं आई तो अनिल कुमार को महिला पर शक हुआ और इस मामले में खोजबीन के बाद पुलिस में शिकायत कर दी। गांव खानुपर निवासी इंद्रजीत का कहना है कि कुछ दिन पहले उनके घर पर एक महिला आई, जो अपने आपको पुलिस की बड़ी अफसर बताकर पुलिस में भर्ती करवाने की बात करने लगी।
पुलिस में भर्ती कराने के नाम पर महिला ने 4 से 5 लाख रुपये की मांग की। बातचीत 3 लाख 75 हजार रुपये में बात तय हो गई। इंद्रजीत का कहना है कि रिश्वत की इस मांग की रिकॉर्डिंग मोबाइल में कर ली गई। एक लाख रुपये महिला ने ले लिए और शेष राशि बाद में लेने आने की बात कह दी, लेकिन महिला उक्त राशि को लेने नहीं आई। इसके बाद महिला पर शक हुआ और छानबीन में महिला पुलिस अधिकारी नहीं, बल्कि लोगों के साथ फ्रॉड करने वाली निकली।
यह महिला रमनदीप कौर पत्नी गुरदीप निवासी करनाल की रहने वाली है। महिला ने कइयों के साथ पुलिस में भर्ती करवाने के नाम पर ठगी की है। उधर, मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी बलदेव सिंह का कहना है कि रात को गश्त के दौरान नौकरी के नाम पर रुपये ऐंठने वाली महिला रमनदीप कौर को पकड़ लिया गया है। महिला के बारे में पुलिस में शिकायत आई हुई थी।
महिला से फोर्ड फिस्टा कार, एक मोबाइल व रिश्वत के लिए गए एक लाख रुपये में से 10 हजार की नकदी बरामद कर ली गई है।
चोरों ने दो ट्रांसफार्मरों से उड़ाया सामान
निसिंग में सांभली रोड पर मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने खेतों में ट्यूबवेल पर लगे ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाकर कीमती सामान चुरा लिया है।
इसकी शिकायत थाना पुलिस व विभाग के अधिकारियों को कर दी गई है। गांव बरास निवासी किसान रामकुमार ने बताया कि मंगलवार शाम वे अपने खेत से आए थे। जब वे बुधवार सुबह अपने खेत में गए थे तो उन्होंने ट्रांसफार्मर का सामान बिखरा देखा।
चोर ट्रांसफार्मर से तांबे की क्वायल चोरी कर ले गए। इसके साथ ही पड़ोसी सांभली निवासी किसान के खेत से ट्रांसफार्मर का कीमती सामान चोरी होने का पता चला। इसकी शिकायत सीतामाई चौकी में कर दी गई है। पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
ट्रक की चपेट में आने से मिस्त्री की मौत
करनाल में इंद्री से बाइक पर करनाल लौट रहे राज मिस्त्री की बलड़ी बाईपास के पास ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। उनके पिता को हल्की चोटें लगी हैं।
सदर थाना पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। काछवा रोड स्थित गांव सैयदपुरा की विजय नगर कॉलोनी का रहने वाला 25 वर्षीय विजय कुमार राज मिस्त्री का काम करता था। बुधवार देर रात विजय अपने पिता वासुदेव के साथ बाइक से इंद्री से करनाल लौट रहा था।
बलड़ी बाईपास के पास अंबाला की ओर से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गया। विजय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उनके पिता वासुदेव ट्रक की साइड लगने से सड़क किनारे जा गिरे। वे भी घायल हो गए। उधर, घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। जांच अधिकारी एएसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि वासुदेव की शिकयत पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला किया गया है। आरोपी की तलाश जारी है।
मानसिक रूप से दुखी व्यक्ति ट्रेन के आगे कूदा
करनाल में दिमागी रूप से परेशान राज मिस्त्री ने बुधवार देर शाम एनडीआरआई के समीप दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
थाना जीआरपी ने परिजनों के बयान पर कार्रवाई की है। गांव भैणी खुर्द का रहने वाला 28 वर्षीय सुलतान सिंह राज मिस्त्री का काम करता था। दिमागी परेशानी के चलते बुधवार देर शाम सुलतान सिंह ने दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
जांच अधिकारी ने बताया कि देर रात घटना की सूचना मिलने पर शव को कब्जे में ले लिया गया।