पानीपत। थाना चांदनी बाग क्षेत्र के सेक्टर-12 में उद्यमी ईश खुराना की कोठी में हुई 45 लाख रुपये की नकदी और जेवर चोरी होने के मामले में पुलिस ने युवकों की पहचान कर ली। उनकी तलाश में पुलिस टीम पानीपत के साथ-साथ दिल्ली एनसीआर के अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश दे रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद पुलिस वारदात का खुलासा किया जाएगा।
सेक्टर-12 में उद्यमी ईश खुराना की कोठी में 21 जनवरी को बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। दिनदहाड़े करीब 40 लाख रुपये के जेवर और पांच लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गए थे। बदमाशों ने इस वारदात से चार घंटे पहले मॉडल टाउन में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। दोनों ही वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर चोरों की पहचान करना शुरू कर दिया था, इसके बाद से ही लगातार पुलिस की चार टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं, लेकिन अभी उनका कोई पता नहीं चला।
उधर, पुलिस सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने संदिग्ध बदमाशों की पहचान कर ली है। उनके दिल्ली में भागने की सूचना भी पुलिस को मिली है, जिसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें दिल्ली और एनसीआर के अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश दे रही हैं। एसपी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि चोरों की तलाश में टीमें लगातार काम कर रही हैं। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।