शामली के नजदीक गढ़ी हसनपुर गांव वासी प्रेमी जोड़े की ऑनर कीलिंग मामले में आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने यूपी में दबिश दी है। फिलहाल आरोपी घर से फरार है और पुलिस उनको पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
गढ़ी हसनपुर वासी संजय कुमार और बोहती देवी चचेरे भाई बहन थे। दोनों के बीच लगभग तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिवार के लोग इनके खिलाफ थे। इसलिए ये दोनों घर से फरार हो गए। अंबाला से चलकर वह करनाल रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। यहां पर लड़की के परिजनों ने इन दोनों को पकड़ लिया और इनको जहर पिलाकर यहां पर छोड़ गए। इससे इनकी तबीयत बिगड़ गई और मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दाखिल कराया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। इलाज के दौरान ही प्रेमी जोड़े ने मजिस्ट्रेट के सामने लड़की के परिजनों पर जहर पिलाने का बयान दिया था। जीआरपी ने लड़के के पिता महिपाल की शिकायत पर लड़की के ताऊ, चाचा व भाई के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया। इनको पकड़ने के लिए पुलिस आरोपियों के घर या रिश्तेदारों के घर छापे मार रही है। इस मामले में जीआरपी के प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए वह यूपी में है। फिलहाल आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा है।