माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। रायपुर-यूनिसपुर के रास्ते पर मंगलवार रात को हुई मुठभेड़ में पकड़े गए बदमाश अजय को पुलिस सोमवार को कोर्ट में पेश कर सकती है। कोर्ट से आरोपी को रिमांड पर लिया जाएगा। इसके बाद आरोपी की हिस्ट्रीशीट खंगाली जाएगी। एसटीएफ आरोपी के जरिए अन्य वारदातों व आरोपियों तक भी पहुंचने की कड़ी बना सकती है।
फिलहाल पिछले पांच दिन से आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। कैथल निवासी आरोपी अजय किसी को हथियार सप्लाई करने के लिए करनाल आया था। एसटीएफ को इसकी भनक लगी तो मौके पर पहुंच आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आरोपी पर फायर किए। आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया। अब आरोपी उपचाराधीन है। सोमवार को पुलिस उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर ले सकती है। ब्यूरो