पुलिस के चालान से बचने के लिए जटपुरा गांव के पास काछवा के दो युवक
मोटरसाइकिल सहित भाखड़ा नहर में गिर गए। एक युवक तो किसी तरह नहर से निकल
आया, लेकिन दूसरा युवक निकलने में कामयाब नहीं हो सका। युवक का शव बरामद कर
लिया है। बाद में उसका संस्कार कर दिया गया।
घटना वीरवार देर शाम की है।
गडरियान मोहल्ले के राजन व कृष्ण दोनों चचेरे भाई मोटरसाइकिल पर घर वालों
को यह कहकर निकले कि वे खेत में पानी देने जा रहे हैं। भाखड़ा पुल के पार
गश्त पर खड़ी पुलिस की राइडर को देख वे घबरा गए और उन्होंने मोटरसाइकिल
भाखड़ा नहर की बीच वाली पटरी पर बाइक मोड़ ली। बताते हैं कि आगे जाते हुए
बाइक के एक पहिये का पंक्चर हो गया, जिससे अनियंत्रित होकर बाइक भाखड़ा में
गिर गई।
बाइक चला रहे राजन को सिर में चोट लगी, जिससे वह सुध खो बैठा।
पीछे बैठे कृष्ण ने अपने भाई को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन वह उसे
बचा नहीं सका। बड़ी कठिनाई से सरकंडों को थाम वह बाहर निकला। सुनसान
क्षेत्र होने के कारण कोई बचाव के लिए भी आसपास नहीं था। ग्रामीणों को
वीरवार की रात को काफी देर तक यह भी मालूम नहीं हुआ कि वे भाखड़ा नहर में
गिरे कहां हैं? जो युवक कृष्ण भाखड़ा नहर से निकल कर आया था वह भी मूर्छित
था। काफी देर बाद होश आने पर वह बता पाया। शुक्रवार को राजन की डेड बॉडी व
मोटरसाइकिल मिल गई।
असंध में भी पुलिस से डरे युवक, दो घायल
असंध
के गांव फफड़ाना के दो युवक भी पुलिस को देखकर घबरा गए। पुलिस को देखकर
बाइक सवार एक दम से मुड़ गए, बाइक सवार को बचाने के चक्कर में पीछे से आ
रही कार पेड़ में जा टकराई। हादसे में फफड़ाना निवासी संदीप और काला घायल
हो गए। घायलों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। मामले के अनुसार, कैशव
कालेज के पास पुलिस खड़ी थी और वाहनों के कागजात चैक कर रही थी, पुलिस को
देखकर बाइक चालक ने गाड़ी मोड़ दी और बैलेंस बिगड़ गया, इससे कार पेड़ से
जा टकराई।