माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। चाय के बहाने कमरे में बुलाकर घरेलू नौकरानी से दुष्कर्म करने के आरोपी मॉडल टाउन निवासी उद्यमी की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू हो गए हैं। पुलिस की टीमें आरोपी के घर और अन्य ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इधर, पुलिस ने शिकायतकर्ता का मेडिकल करा दिया है। थाना सिविल लाइन और मॉडल टाउन चौकी पुलिस जांच कर रही हैं।
पुलिस को दी तहरीर में झारखंड की रहने वाली महिला ने बताया कि वह तीन साल पहले दिल्ली काम करने के लिए आई थीं। श्याम एजेंसी के माध्यम से वह पांच अगस्त को उद्यमी अमित गुप्ता के मॉडल टाउन के घर पर काम पर लगी थी। आरोप है कि यहां पर नौकरी शुरू करने के तीसरे दिन ही अमित गुप्ता ने उनसे छेड़छाड़ की थी। उन्होंने विरोध जताया तो आरोपी ने कहा कि वह आगे से कुछ नहीं करेगा। इसके बाद 14 अगस्त को उनके साथ जबरदस्ती की गई।
महिला ने आरोप लगाया कि 14 अगस्त की दोपहर के समय उनके घर पर एक मेड थी, जो ऊपर के कमरे में आराम करने गई थी। इसके अलावा उद्यमी की पत्नी अस्पताल गई थी और बेटी फैक्टरी में थी। वह दोपहर के समय रसोई में कुछ काम कर रही थीं। इस दौरान आरोपी ने चाय के बहाने उन्हें अपने कमरे में बुलाया और अंदर से दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद उनके साथ दुष्कर्म किया। मॉडल टाउन चौकी प्रभारी गीता का कहना है कि पीड़ित महिला का मेडिकल करा लिया है। आरोपी की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।