मधुबन। हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन में 74 वें अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती समूह की तैयारियों के बारे में शुक्रवार को महानिरीक्षक ओम प्रकाश नरवाल ने अकादमी के वच्छेर स्टेडियम का दौरा किया। शनिवार से शुरू हो रही खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष करेंगे।
महानिरीक्षक ओम प्रकाश नरवाल ने बताया कि खेलों में भाग लेने के लिए लगभग सभी टीमें मधुबन परिसर में पहुंच गई हैं। उनके रहन-सहन में किसी प्रकार की कोई कमी न रहे, इस संबंध में सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं। इस कुश्ती समूह में विभिन्न राज्यों, केन्द्रीय पुलिस बलों और केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 34 टीमों के 1474 खिलाड़ी पुलिसकर्मी भाग ले रहे हैं। इनमें 1124 पुरुष, 350 महिला खिलाड़ियों के अलावा 130 तकनीकी अधिकारी भी हैं। इस खेल प्रतियोगिता में आर्म रेसलिंग, बॉडी बिल्डिंग, बॉक्सिंग व कुश्ती के मुकाबले होंगे।