भगवती टेलीकाम पटेल मार्केट घरौंडा में दुकानदार के साथ मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उक्त वारदात 25 मार्च को हुई थी, लेकिन पुलिस तब हरकत में आई जब बीते रोज एक कारोबारी को तीन बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। इस घटना के आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
25 मार्च को पटेल मार्केट घरौंडा के भगवती टेलीकाम में घुसकर चार-पांच अज्ञात लोगों ने लूट की कोशिश की थी। दुकान मालिक को तलवार, चाकू व पिस्तौल के बल पर डरा धमकाकर दुकान मालिक व उसके बेटे के साथ मारपीट की गई थी। साथ ही दुकान से नकदी लूटने की कोशिश भी की थी। दुकान मालिक की सूझबूझ से आरोपी नगदी लूटने में सफल नहीं हो सके थे। दुकान मालिक सुभाष चंद गर्ग के बयान पर थाना घरौंडा में मामला दर्ज किया गया। तफ्तीश सीआईए-01 करनाल की टीम को सौंपी गई थी। इसके बाद नौ अप्रैल को घरौंडा में ही थोक व्यापारी विनोद कुमार जुनेजा पर हमला हो गया। इससे नाराज दुकानदारों ने प्रदर्शन कर पहली घटना के आरोपियों को भी गिरफ्तार नहीं कर पाने का आरोप लगाया। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने दो आरोपी लक्ष्य निवासी गांव कैरवाली जिला करनाल और विकास निवासी बधावाराम कालोनी जिला पानीपत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया है कि उन्होंने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
इस पर पुलिस ने मुख्य आरोपी निकेतन पुत्र महेश वासी कालरम को भी गिरफ्तार कर लिया।
नौकर ही निकला लूट का मुख्य आरोपी
मुख्य आरोपी निकेतन ने खुलासा किया कि वह पहले उपरोक्त दुकान पर नौकरी करता था। वारदात को अंजाम देने से पांच दिन पहले ही उस दुकान से नौकरी छोड़ दी थी। इसके बाद वह घरों में बिजली का मीटर लगाने का काम ठेकेदार के साथ करने लगा। उसने ही इस लूट की वारदात को अंजाम देने योजना बनाई थी। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक तलवार बरामद की गई है।