संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। अंधड़ और बारिश से जहां गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है, वहीं जिले में कई जगह पेड़ उखड़ गए। बिजली के खंभे गिरने से करीब 10 घंटे तक बत्ती गुल रही जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली निगम की रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार रात आए अंधड़ से जिलेभर में 71 खंभे पूरी तरह गिर गए हैं जबकि 10 खंभे क्षतिग्रस्त हुए हैं। वन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार शहर व आस-पास के क्षेत्रों में करीब 30 पेड़ गिरने का अनुमान है।
निगम की अलग-अलग सब डिवीजनों सिटी करनाल, मेरठ रोड, नेवल, इंद्री, नीलोखेड़ी, भादसो, मूनक व निसिंग सब डिवीजन में 100 व 200 केवीए के ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से निगम को 27 लाख 91 हजार 580 रुपये का नुकसान हुआ है।
निगम का दावा है कि जिन सब डिवीजनों में ज्यादा समस्या थी उनकी बिजली शनिवार दोपहर तक दुरुस्त कर दी गई है। वहीं वन विभाग की टीमों ने भी कई जगह से उखड़े पेड़ उठाए। शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह बिजली के तारों पर पेड़ गिरने से भी बिजली आपूर्ति बाधित रही। शहर में सेक्टर 12, एनडीआरआई के सामने नए बस स्टैंड की ओर जाते हुए गीता द्वार का कुछ हिस्सा, नेवल से नेवल खुर्द की ओर जाने वाली सड़क पर कीकर का पेड़ गिर गया। वहीं दनियालपुर रोड पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित रहा।
पेड़ गिरने से दो गाड़िया हुई क्षतिग्रस्त ः शहर के सेक्टर छह में एक होंडा अमेज गाड़ी पर पेड़ गिरने से वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चार माह पहले खरीदी गई कार के मालिक ने बताया कि उन्होंने रात को गाड़ी सड़क किनारे पार्क की थी। अंधड़ के दौरान पेड़ टूटकर सीधे उनकी कार पर गिर गया, जिससे कार की छत और बोनट क्षतिग्रस्त हो गए। पास में खड़ी एक दूसरी कार भी पेड़ की चपेट में आ गई।
उस गाड़ी के शीशे टूट गए और बोनट को नुकसान पहुंचा। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में जिन पेड़ों की हालत कमजोर है और जो गिरने की स्थिति में हैं, उन्हें समय रहते हटाया जाए।