- हार्दिक शर्मा को मिला मैन ऑफ द मैच का खिताब
संवाद न्यूज एजेंसी
मूनक। रिफाइनरी के मिनी स्मार्ट सिटी खेल मैदान में दो दिवसीय इंटर स्कूल टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में आसपास के विद्यालयों की 12 टीमों ने भाग लिया। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला दिल्ली पब्लिक स्कूल, पानीपत रिफाइनरी और आर्यकुलम इंटरनेशनल स्कूल करनाल के बीच खेला गया। इसमें डीपीएस की टीम ने 84 रनों से शानदार जीत दर्ज की। हार्दिक शर्मा को 75 रनों की धमाकेदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।
शनिवार को समापन समारोह में मुख्य अतिथि, रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी के प्रमुख एमएल डहरिया ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार दिए। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व के विकास का आधार है। ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, समर्पण और टीम भावना को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी डीपीएस के ऐसे आयोजनों को रिफाइनरी की ओर निरंतर सहयोग देने का आश्वासन दिया। प्राचार्य सुरेंद्र पी सचदेवा ने कहा कि डीपीएस पानीपत रिफाइनरी का सतत प्रयास है विद्यार्थियों को शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी उत्कृष्ट अवसर प्रदान किए जाएं। इस मौके पर राकेश दुबे, विवेक नारायण मौजूद रहे।