असंध। नागरिक अस्पताल में मेडिकल कराने पहुंचे पिता और उसके दो बेटों पर पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही दो व्यक्ति अस्पताल के मुख्य गेट पर पहुंचे और उनमें से एक ने गाड़ी से पिस्तौल निकालकर लोड कर ली। इसके बाद तीनों पर हथियार तान दिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने मिलकर पिस्तौल नहीं छीनी होती तो आरोपी गोली चला सकता था। असंध थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव कुड़लन निवासी सुखबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि छह नवंबर को उसके बेटे साहिल का गांव के सुरमुख और धन सिंह के साथ झगड़ा हुआ था। इसके बाद वह अपने बेटों परमजीत और साहिल के साथ मेडिकल कराने के लिए असंध नागरिक अस्पताल पहुंचा था। शिकायत के अनुसार, सुबह करीब नौ बजे अस्पताल के मुख्य गेट पर सुरमुख और धन सिंह आ गए। आरोप है कि सुरमुख ने अपनी गाड़ी से पिस्तौल निकाली और उसे लोड कर तीनों पर तान दिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी दी।
सुखबीर ने बताया कि तीनों ने मिलकर आरोपी से पिस्तौल छीन ली। उसने आरोपियों से भविष्य में भी जान-माल का खतरा जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों के साथ उनकी गाड़ी व पिस्तौल को थाने ले आई।