करनाल। खेतों के पास रास्ता बनाने को लेकर निशानदेही कराने के बहाने बुलाकर एक बुजुर्ग और उसके दो बेटों पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने 85 वर्षीय बुजुर्ग को धक्का देकर गिरा दिया और उसके बेटे अनीत व लखविंद्र पर लाठियों और गंडासियों से वार किए। घरौंडा थाना पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदरपुर निवासी अनीत कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुबह करीब साढ़े दस बजे सरपंच प्रतिनिधि तुलसी उनके पास आया। वह उसे और उसके करीब 85 वर्षीय पिता को खेतों के पास ले गया। वहां रास्ता बनाया जा रहा था। तुलसी ने भविष्य में किसी परेशानी से बचने के लिए निशानदेही कराने की बात कही। मौके पर अफसर, मुबारिक और अलीशान समेत अन्य लोग कुर्सियां बिछाकर बैठे थे। उन्होंने कहा कि निशानदेही में जहां निशान आएं, वहीं रास्ता बना लिया जाए। इसके बाद आरोपियों ने खेत में काम कर रहे उसके भाई लखविंद्र को भी बुला लिया। बातचीत के दौरान आरोपियों ने उसके पिता को धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद उस पर और उसके भाई पर लाठियों से हमला कर दिया। सरपंच प्रतिनिधि और उसका बेटा उन्हें बचाकर वहां से ले आए। परिवार ने डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद एक ग्रामीण अपनी गाड़ी से घायलों को घरौंडा अस्पताल ले गया, जहां उनका मेडिकल कराया गया। ब्यूरो