- कर्ण स्टेडियम व बी-24 बैडमिंटन के खिलाड़ियों ने कोच शिवम के नेतृत्व में लिया संकल्प
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। नशा युवाओं के भविष्य को अंधकार में डाल रहा है। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से इसके खिलाफ अभियान चलाया गया है। इस कड़ी में कर्ण स्टेडियम व बी-24 बैडमिंटन के खिलाड़ियों ने कोच शिवम के नेतृत्व में नशा न करने की शपथ ली।
इस दौरान खिलाड़ियों को नशे के खिलाफ जागरूक किया गया और नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक व शारीरिक नुकसान की जानकारी दी गई। कर्ण स्टेडियम में मुख्य एथलेक्टिस कोच सतीश कुमार पंघाल ने युवाओं को बताया कि नशा व्यक्ति और समाज दोनों को खोखला कर देता है। युवाओं को नशे की लत लग रही है, इसका समाज पर दुष्प्रभाव पर रहा है। कुछ खिलाड़ी मैदान पर बेहतरीन प्रदर्शन के प्रयास में नशे का प्रयोग करते हैं जिससे खिलाड़ी नशे की गर्त में जा रहे हैं।
खिलाड़ियों को खुद जागरूक होने के साथ समाज में भी नशे के खिलाफ जागरूकता लानी चाहिए। इस दौरान खिलाड़ियों ने खुद नशा न करने व दूसरों को नशा करने से रोकने की शपथ लेकर अभियान में भागीदारी की।
नशे के विरुद्ध अभियान अच्छी पहल
एथलेक्टिस कोच ऋषि कुमार ने कहा कि नशे के खिलाफ अमर उजाला का अभियान अच्छी पहल है। नशे की गर्त में जाती युवा पीढ़ी को रोकने में यह अभियान काफी मददगार साबित होगा। देश का भविष्य युवाओं पर निर्भर करता है। यदि युवा स्वस्थ होंगे तो देश स्वस्थ होगा। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहना चाहिए।