- 24 को होगी पहले चरण की परीक्षा, मिलेगी निशुल्क शिक्षा
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। निशुल्क शिक्षा व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए चल रहे मिशन बुनियाद के तहत आवेदन प्रक्रिया जारी है। नए बैच 2025-27 में शामिल होने के लिए आवेदन करने की 20 दिसंबर अंतिम तिथि है। इसके बाद विद्यार्थी आवेदन नहीं कर पाएंगे। ऐसे में जो विद्यार्थी आवेदन करना चाहते हैं, वे समय रहते आवेदन करें।
जारी अधिसूचना के अनुसार, बुनियाद पहले चरण की परीक्षा 24 दिसंबर को होगी। करनाल में सुपर-100 और बुनियाद कार्यक्रम को लेकर पंजीकरण प्रक्रिया व जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हो चुके हैं। कार्यक्रम के तहत चयनित विद्यार्थियों को विकल्प फाउंडेशन द्वारा कोचिंग प्रदान की गई है।
विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी निर्देशानुसार विद्यार्थियों के चयन हेतु पंजीकरण किया गया है। जिसके तहत लेवल-1 की खंड स्तरीय परीक्षा में भाग लेने हेतु कक्षा आठवीं तथा 10 वीं के छात्रों ने सबसे अधिक पंजीकरण कराया जा रहा है। खंड स्तरीय बुनियाद लेवल-1 की परीक्षा 24 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। बुनियाद कार्यक्रम के लिए वर्तमान में आठवीं में पढ़ रहे विद्यार्थी जो मार्च 2025 में आठवीं की परीक्षा देंगे। कार्यक्रम के लिए पिछली कक्षा में 60 प्रतिशत से अधिक अंक लेने वाले विद्यार्थियों का पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। 60 प्रतिशत से कम वाले विद्यार्थियों का पंजीकरण करवाना ऐच्छिक होगा। ब्यूरो
क्या है बुनियाद मिशन
बुनियाद मिशन के तहत राजकीय विद्यालयों में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाती है। बुनियाद कोचिंग के लिए विद्यार्थियों की परीक्षा करवाई जाती है। यह एक प्रकार की प्रवेश परीक्षा होती है। पहले पंजीकरण, उसे बाद पहले, दूसरे और तीसरे स्तर की परीक्षा होती है। जो विद्यार्थी तीनों स्तर पार कर लेते हैंए उन्हें बुनियाद के तहत एक साल की निशुल्क में कोचिंग दी जाती है। ये विद्यार्थी अपनी रेगुलर पढ़ाई भी कर सकते हैं । चयनित विद्यार्थियों को दो वर्ष यानी 11वीं व 12वीं में आईटी व नीट प्रतियोगी परीक्षा के लिए निशुल्क कोचिंग दी जाएगी।
मिशन बुनियाद की सूची
लेवल-1 परीक्षा 24 दिसंबर 2024
लेवल-1 परीक्षा परिणाम 20 जनवरी 2025
लेवल-2 परीक्षा 28 जनवरी 2025
लेवल-2 परीक्षा परिणाम 07 फरवरी
लेवल-3 परीक्षा आरिएंटेशन 11 फरवरी
लेवल-3 परीक्षा परिणाम 20 मार्च
काउंसलिंग 25 मार्च
बैच शुरू 07 अप्रैल 2025
बुनियाद में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। विद्यार्थी 20 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं। 24 दिसंबर को पहले चरण की परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
- दीपक वर्मा, जिला विज्ञान विशेषज्ञ एवं नोडल अधिकारी