- सैनिक स्कूल में कल होगा एआईएसएनजी का आगाज, देश के आठ जोन के विजेता खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
- रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी देंगे विद्यार्थी, हर राज्य की संस्कृति की दिखेगी झलक
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जिले में पहली बार अखिल भारतीय सैनिक स्कूल राष्ट्रीय खेल (एआईएसएनजी) का आयोजन होने जा रहा है। 11 से 18 अक्तूबर तक यह आयोजन कुंजपुरा के सैनिक स्कूल में होगा। जिसमें देश भर के सैनिक स्कूलों से एथलेटिक्स समेत पांच खेलों में खिलाड़ी दम दिखाएंगे। ये वो खिलाड़ी हैं, जो अपने-अपने जोन स्तर पर हुए खेलों में पुरस्कार जीत चुके हैं। विदित हो कि देशभर में 32 सैनिक स्कूल हैं। प्रत्येक जोन में चार स्कूलों को शामिल किया गया है।
मेजबान स्कूल के प्रधानाचार्य कर्नल विजय राणा ने बताया कि मेजबानी सैनिक स्कूल सोसायटी के तत्वावधान में की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने विजन में देश के युवाओं से खेलों को अपने जीवन में ‘केंद्रीय स्थान’ देने का आग्रह किया। इसी संदर्भ में अखिल भारतीय सैनिक स्कूल राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी एक ही स्थान पर की जा रही है ताकि लड़कों और लड़कियों को समान अवसर दिया जा सके। सैनिक स्कूलों की खेल प्रतियोगिताएं जोनल और इंटर जोनल स्तर पर आयोजित की जा चुकी हैं। इनके विजेता ही इन खेलों में हिस्सा लेंगे। खेल मुकाबलों को लेकर तैयारी पूरी हो चुकी है। कार्यक्रम के पहले दिन केवल कुछ खेलों के ही मुकाबले होंगे। अंतिम दिन विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। ब्यूरो
650 खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा
प्रधानाचार्य कर्नल विजय राना ने बताया कि एथलेटिक्स के अलावा बास्केटबॉल, वॉलीबॉल और हॉकी के मुकाबले होंगे। इनमें 650 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। रोजाना सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। 11 अक्तूबर को उद्धाटन समारोह के मुख्य अतिथि मेजर जरनल संजय मैनी जरनल अफसर कमाडिंग मुख्यालय पीएच एंड एचपी (स्वतंत्र) सब एरिया होंगे। उनका भव्य तरीके से स्वागत किया जाएगा। बाद में वह साईं कुंज युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और मेजबान स्कूल के युद्ध नायकों को श्रद्धांजलि देंगे। उत्सव के अवसर की शोभा बढ़ाने के लिए मुख्य अतिथि को उनकी सौम्य उपस्थिति के लिए गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया जाएगा। समारोह में अन्य प्रतिष्ठित अतिथि संयुक्त सचिव राजेश मित्तल, निरीक्षण अधिकारी एयर कमांडर एस जैकब और कमांडर आरके शर्मा पूर्व प्रधानाचार्य, जिला अधिकारी, हरियाणा पुलिस के अधिकारी, ओल्ड बॉयज एसोसिएशन के सदस्य हिस्सा लेंगे।
बेटियां केवल एथलेटिक्स में लेंगी हिस्सा
खेल
वर्ग
हॉकी लड़के
वॉलीबॉल लड़के
बास्केटबॉल लड़के
एथलेटिक्स लड़के और लड़कियां