करनाल। होली पर बच्चों के ठाठ निराले होंगे। पिचकारियों के बाजार में उनको ध्यान में रखकर एक से बढ़कर एक आइटम हैं। स्टाइलिश मास्क और ट्रेंडी चश्मे भी उनको आकर्षित करने के लिए लाए गए हैं। कर्ण बाजार में स्पाइडरमैन, राक्षस फेस और रंगबिरंगे बाल वाले मास्क काफी पसंद किए जा रहे हैं।
अधिकांश मास्क कार्टून और सुपरहीरो प्रिंट वाले हैं। युवाओं के लिए एलईडी लाइट वाले और स्माइली फेस वाले मास्क हैं लेकिन कार्टून करेक्टर वाले मास्क अधिक खरीदे जा रहे हैं। चश्मों में यूवी प्रोटेक्शन, एंटी फॉग और बड़े फ्रेम वाले फंकी गॉगल्स की मांग है। बच्चों के लिए स्पाइडर, कार्टून और एनिमेशन कैरेक्टर वाले गॉगल्स लाए गए हैं।
दुकानदार मनीष ने बताया कि अभिभावक बच्चों की आंखों को केमिकल रंगों से बचाने के लिए यूवी प्रोटेक्शन और ट्रांसपेरेंट सेफ्टी चश्मे खरीदना पसंद कर रहे हैं। 30 से 500 रुपये तक के चश्मे उपलब्ध हैं। दुकानदार राकेश ने बताया कि इस होली पर खास डिजाइन किए गए मास्क आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। 20 से शुरू होकर 300 रुपये तक के मास्क उपलब्ध हैं।