सब्जी मंडी में एक दुकानदार पर हथियारबंद युवकों ने हमला कर जख्मी कर दिया। दुकानदार के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने युवकों को धर दबोचा।
इस दौरान हमलावरों के कुछ साथी मौका पाकर फरार हो गए। पकड़े गए युवकों को लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया है। दबोचे गए युवकों ने पुलिस के साथ भी हाथापाई का प्रयास किया।
जख्मी दुकानदार तरुण सेतिया ने बताया कि वह दिन में अपनी दुकान पर काम कर रहा था। इसी बीच दर्जन भर युवक हथियार लेकर उसकी दुकान में घुस आए और हमला बोल दिया।
हमलावरों ने दुकान में भी जमकर उत्पात मचाया। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोगों ने एकत्रित होकर हमलावरों में से कुछ को दबोच लिया, जबकि कुछ फरार हो गए।
तरुण सेतिया ने बताया कि युवकों ने कोई नशा कर रखा था। समाचार लिखे जाने तक पुलिस हिरासत में लिए युवकों से पूछताछ कर रही थी।