संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। फुलेरा दूज पर श्रद्धालु राधा रमन, युगल सरकार और लड्डू गोपाल का राम गली के कान्हा जी के पार्लर से शृंगार करवा अपने घर लेकर गए। घर में श्रद्धालुओं ने मंदिर में उनको विराजमान करवा पूजा की। कर्ण विहार की कन्नू और उनकी मां रितु ने बताया कि राधा रमन जी को घर ले जाने के लिए लगभग वह छह महीने से विचार कर रहे थे, शायद राधा रमन को मंजूर नही था, लेकिन आज फुलेरा दूज पर हम अपने राधा रमन को सुंदर वस्त्र धारण करवा और शृंगार करवा घर लेकर जा रहे हैं। घर ले जाकर राधा रमन की पूजा करेंगे।
कन्नू ने बताया कि एक साल पहले वृदांवन से परिवार सहित चार नंबर के लड्डू गोपाल लेकर आए थे, उसके बाद छह नंबर के लड्डू गोपाल लिए और उसके बाद श्री जी, राधा रमन और श्याम बाबा की प्रतिमा लेकर घर के मंदिर में विराजमान किया है।
रितु बताती हैं कि जब से लड्डू गोपाल और राधा रमन घर में आए हैं सब कुछ बदल गया, यहां तक कि उनके घर से अंडा, मीट और शराब बाहर हो गई। रितु के अनुसार, जनवरी में हुए कार हादसे में तीन कार बिल्कुल क्षतिग्रस्त हो गई थी, देखने वाले कहते थे कि इसमें बैठे लोग जीवित नहीं होंगे, लेकिन किसी को खरोंच तक नहीं आई।