करनाल। विकास नगर क्षेत्र में सीवर की सफाई पिछले दो महीनों से नहीं हो रही है। ऐसे में सीवर चोक हैं। पिछले दो महीने से क्षेत्रवासी बदबू और गंदे पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। शिकायत के बाद भी नगर निगम प्रशासन की ओर से ध्यान नहीं दिया जा रहा।
विकास नगर में कई जगहों पर सीवर के ढक्कन टूटे पड़े हैं। कहीं पर धंसे हुए हैं। सीवरों से आती बदबू से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासी सुबोध कुमार ने बताया कि क्षेत्र में सीवर की सफाई दो महीने से नहीं हुई है। सीवर लाइन जाम होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बहने लगता है। इस कारण बच्चे और बुजुर्ग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं। शिकायत करने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है।
बड़े हादसे की आशंका
विकास नगर की गली नंबर तीन निवासी रीना देवी ने बताया कि उनके घर के पास सीवर का ढक्कन टूट चुका है। कई बार रात के समय यहां से गुजरना बहुत खतरनाक हो जाता है। अंधेरे में टूटा ढक्कन दिखाई नहीं देता और किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है।
बीमारियां फैल रहीं
प्रणव बत्रा ने बताया कि सीवर लाइन की नियमित सफाई नहीं होने के कारण बरसात के समय यह समस्या और बढ़ जाती है। गली में पानी भरने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ जाता है जिससे डेंगू सहित अन्य बीमारियां होने का खतरा बढ़ जाता है।
ग्राहक नहीं आते हैं
स्थानीय दुकानदार विजय ने बताया कि सीवर की बदबू के कारण ग्राहक दुकान पर ठहरना नहीं चाहते। पूरे दिन सीवर की बदबू रहती है, जिससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। लोगों ने मांग की है कि नगर निगम जल्द से जल्द सीवर लाइन की सफाई करवाए।