संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिले में कुश्ती को प्रोत्साहन देने के लिए रविवार को चिड़ाव गांव में स्वर्गीय चौ. जयपाल नरवाल की याद में टीम सुमित नरवाल की ओर से ओपन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। क्रिकेटर सुमित नरवाल ने बताया कि कुश्ती प्रतियोगिता में अंडर 14 व अंडर 17 की आयु वर्ग के पहलवान भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि कुश्ती हरियाणा का प्राचीन खेल है, जिसमें युवाओं की भागीदारी जरूरी है। प्रतियोगिता में 14 वर्ग की आयु श्रेणी को वजन के हिसाब से तीन श्रेणियों 35-45-55 भार वर्ग में बाटा गया है।
इसमें प्रथम स्थान पाने वाले विजेता को 1100 रुपए, द्वितीय स्थान को 700 रुपए एवं तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले पहलवान को 500 रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसी प्रकार 17 आयु वर्ग में 45, 50, 55, 60,70 किलोग्राम वजन के खिलाड़ियों में प्रथम स्थान पर आने वाले खिलाड़ियों को 2100 रुपए, द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर 1500 रूपए तथा तीसरे स्थान पर आने वाले पहलवान को एक हजार रुपए की नकद राशि दी जाएगी।
सुमित नरवाल ने बताया कि कुश्ती शारीरिक फिटनेस के लिए सबसे बेहतर खेल है। एक पहलवान के लिए अपने वजन को बनाए रखना ही सबसे बड़ी चुनौती होती है, शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना भी जरूरी होता है।
पहलवान के पास अच्छी तकनीक होनी चाहिए क्योंकि कुश्ती में चोट लगने का जोखिम भी बहुत होता है। सभी खिलाड़ियों को निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है। रेफरी का फैसला अंतिम व सर्वमान्य होगा।