माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/घरौंडा। मुंडोगढ़ी गांव में हुए विवाद में दोनों पक्षों के बीच जमीन के लिए पहले भी कई बार पंचायतें हो चुकी हैं। कभी मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा लेकिन वीरवार को खेत में पहुंचने के बाद बुजुर्ग से अभद्रता के बाद विवाद बढ़ गया था। प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों का कहना है कि जब बुजुर्ग वाहिद के सिर पर लाठी से वार किया गया तो दूसरे पक्ष के लोगों का भी गुस्सा बढ़ गया। इसके बाद उस पक्ष के युवक ने ट्रैक्टर से सबीरा को कुचल दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर ईंट-पत्थर चले और फायरिंग भी की गई।
वीरवार की शाम तक गांव में तनाव का माहौल रहा। पुलिस की टीमें गश्त करती रहीं। गांव में बाहर से आने जाने वालों से भी पुलिस ने पूछताछ की। ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। वहीं सुबह जब पुलिस मौके पर खेत में पहुंची थी तो वहां भी सीआईए सहित अलग-अलग टीमों ने साक्ष्य जुटाए ईंट-पत्थर बिखरे मिले। थाना प्रभारी इंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने फायरिंग का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपियों को काबू करने के साथ ही यह भी जांच कर रही है कि हथियार कहां से आए थे और खेत में हथियार लेकर क्यों गए थे। उन्होंने बताया कि अब से पहले दोनों पक्षों का विवाद पुलिस तक नहीं पहुंचा था, पंचायती स्तर पर ही बात होती रही।
बुधवार शाम को भी हुई थी पंचायत
पुलिस को दी शिकायत में अलीशान ने बताया कि बुधवार की शाम को भी जमीन को लेकर दोनों पक्षों की गांव में पंचायत हुई थी। इस दौरान तय हुआ था कि दोनों पक्ष अपने-अपने कागज लेकर खेत में आएंगे। उनका कहना है कि उन्होंने जमीन खरीदी थी और खेत में उनका ट्यूबवेल भी है। जबकि खेत में आने के बाद उनके रिश्ते में बड़े भाई सुलेमान यानी दूसरा पक्ष के लोगों ने जमीन को कब्जा करने की नियत से जोतना शुरू कर दिया था। तब बुजुर्ग वाहिंद सहित अन्यों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो सुलेमान पक्ष के शेरदीन और इरताफ ने हमला कर दिया और फायर भी किए।
घायल लोग
: घायलों में एक पक्ष के तालीम (46), मंसूद (36), गुलजार (48), वाजिद (38), जुनैद (22), अल्ताफ व अन्य शामिल हैं। दूसरे पक्ष के अल्ताफ (45), महताब (38), मेहरबान (26) और मनवर (45) भी घायल हैं। कई घायलों को पहले घरौंडा के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें करनाल रेफर किया गया।