माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/इंद्री। सीसीटीवी रिपेयरिंग का बिल पास करने की एवज में कमीशन के रूप में 20 हजार रुपये लेने पर राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने ग्राम पंचायत चौगांव के पंचायत सचिव अमित कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब 17 महीने पहले हुए कार्य का बिल पास करने के बाद ठेकेदार पर कमीशन का दबाव बना रहा था।
दोनों के बीच बातचीत की रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद शनिवार को इंद्री नगर पालिका कार्यालय से एसीबी की टीम ने रंगेहाथों आरोपी को दबोचा। रविवार को अदालत में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा। एसीबी के निरीक्षक बिजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ ब्यूरो में केस दर्ज कर लिया गया है। एक ठेकेदार की ओर से दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उसने अप्रैल 2024 में इंद्री खंड की ग्राम पंचायत चौगांव में सीसीटीवी कैमरों की रिपेयर का कार्य किया था। इस कार्य का बिल 1,08,452 रुपये था। पंचायत सचिव अमित कुमार ने बिल पास कर ठेकेदार के बैंक खाते में धनराशि डाल दी थी। तुरंत राशि देने पर वह कमीशन मांगने लगा। शुक्रवार को भी आरोपी की ओर से कमीशन के लिए दबाव बनाया गया। उनकी बातचीत रिकाॅर्ड कर ली गई। इसके बाद एसीबी की ओर से योजना बनाकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
रिमांड में होगी गहनता से पूछताछ
एसीबी के निरीक्षक बिजेंद्र सिंह ने बताया कि सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह कार्रवाई की गई। एसपी वीरेंद्र सिंह सांगवान के नेतृत्व में योजना बनाकर आरोपी को पकड़ा गया। आरोपी सचिव को अदालत में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा। ताकि पता चल सके कि इस तरह से कमीशन व रिश्वत लेने के खेल में और कौन-कौन है।
तीन पंचायतों का है कार्यभार
आरोपी पंचायत सचिव अमित कुमार के पास चौगांव से अलग ग्राम पंचायत बुटानखेड़ी व उमरपुर के ग्राम सचिव का कार्यभार भी है। पंचायती राज के रिकार्ड के अनुसार, आरोपी पिछले कई वर्षों से इंद्री खंड में ही है। खंड की अधिक आमदनी वाली व बड़ी ग्राम पंचायतों में ही उसकी तैनाती रही। ऐसे में अन्य ग्राम पंचायतों की स्थिति पर भी एसीबी जांच कर सकती है।
-