पूर्व सैनिक बोले- नुकसान से उबर नहीं पाएगा पाकिस्तान
संवाद न्यूज एजेंसी
करनला। पाकिस्तान के हमला करने की सभी कोशिशों को भारतीय सेना असफल तो कर ही रही है, करारा पलटवार भी कर रही है। दुश्मन के हमलों को नाकाम करना हमारी बड़ी ताकत है। जवाबी कार्रवाई से पाकिस्तान को समझ आ गया होगा कि भारत की शक्ति को कम आंकना, उसकी बड़ी भूल है। जिस तरह से लाहौर व कराची में आतंकवाद के ठिकानों को नष्ट किया गया। वह सराहनीय है। वह नुकसान से उबर नहीं पाएगा।
आतंकवादियों को दिया मुंह तोड़ जवाब
भारतीय सेना में नायब सूबेदार रहे रामपाल ने बताया कि भारतीय सेना अच्छा कार्य कर रही है। जिस तरह से वीरवार देर रात तक पाकिस्तान में बने आतंकवादियों के ठिकानों को खत्म करने का काम किया है। उसकी जितनी प्रशंसा करें उतनी कम है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि घर में घुस कर मारेंगे और भारतीय सेना ने वहां कर के दिखाया है।
पाकिस्तान की रीढ़ की हड्डी तोड़ी
भारतीय नौ सेना में पेटी संचार ऑफिसर रहे संदीप ने बताया कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले का इससे अच्छा जवाब और कुछ नहीं हो सकता। जिस तरह से पाकिस्तान में बने कई आतंकी ठिकानों को खत्म करना और लाहौर व कराची में भारी नुकसान करना पाकिस्तान की रीढ़ की हड्डी को तोड़ने के जैसा है, क्योंकि इन दोनों जगहों पर आतंकवाद के मुख्यालय बने हुए है।
आतंक के पनाहगारों को माफ नहीं करेगा भारत
वायु सेना में वारंट ऑफिसर रहे दिनेश प्रसाद ने बताया कि हमारी तीनों सेना एक साथ मिल कर काफी अच्छा कार्य कर रहीं है। पाकिस्तान की वायु सेना को अपने एफ 16 जहाज पर आंख बंद कर के यकीन था। उसको भी वायु सेना ने जवाब में मार भगाया और देर रात तक पाकिस्तान के विभिन्न इलाकों पर जवाबी हमला कर उन इलाकों को खत्म कर दिया है। आतंक को पनाह देने वालों को भारत माफ नहीं करेगा।