माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जिले की अनाज मंडियों में लगातार तीसरे दिन भी धान की खरीद नहीं हो सकी है, जबकि बुधवार को भी पीआर धान की आवक जारी रही। दूसरी ओर चंडीगढ़ में बैठक करने के बाद राइस मिलर्स ने धान खरीद करने का फैसला ले लिया है, साथ ही खरीद एजेंसियों से पंजीकरण भी शुरू करा दिया है लेकिन राइस मिलर्स ने मंडियों में धान खरीदने के बाद राइस मिलों में पहुंचाने की बात कही है।
हरियाणा सरकार ने 22 सितंबर से धान खरीद की घोषणा तो कर दी थी लेकिन तीन दिन के बाद भी खरीद शुरू नहीं हो पाई है। खरीद एजेंसियां मंडियों में बुधवार को भी दिखाई नहीं दी। करनाल मंडी में बुधवार को 3100 क्विंटल पीआर धान पहुंचा। इसी तरह से सभी मंडियों में करीब आठ हजार क्विंटल धान पहुंचा है लेकिन खरीद नहीं हो सकी। खास बात ये है कि मंडियों में ई-खरीद पोर्टल पर गेटपास भी जारी नहीं किए गए हैं।
करनाल राइस मिलर एसोसिएशन के प्रधान सौ्रभ गुप्ता ने बताया कि चंडीगढ़ में मंत्रियों और अधिकारियों से बातचीत हुई है, ब्रोकन को लेकर भी समाधान का आश्वासन मिला है। राइस मिलर्स धान खरीद में सहयोग को तैयार है। पंजीकरण कराना भी शुरू कर दिया है। सरकार ने जैसी व्यवस्था बनाई है, जिसमें खरीद एजेंसियां मंडियों में किसानों से धान खरीदेंगी, इसके बाद धान को ट्रांसपोर्टर के माध्यम से राइस मिलों तक पहुंचाया जाएगा। ऐसी स्थिति में सभी राइस मिलर अपने मिलों में धान को उतारेंगे। राइस मिलरों को मंडियों में जाने में भी कोई ऐतराज नहीं है लेकिन धान में अभी नमी 20 से 25 प्रतिशत तक है, मानक के अनुरूप धान को लेने में कोई ऐतराज नहीं है।
बता दें कि मंडियों से धान खरीदकर राइस मिलों तक पहुंचाने का नियम तो पहले से ही है लेकिन व्यवहारिक रूप से ऐसा हो नहीं पाता है, जबकि राइस मिलर मंडियों में आकर धान की खरीद करते हैं तभी विधिवत खरीद संभव हो पाती है, खरीद एजेंसी तो राइस मिलर के ढेरी पसंद करने के बाद खरीद पर्ची काटते हैं। राइस मिलर्स के इस रुख से लगता है कि अभी धान खरीद शुरू होने में कुछ समय और लग सकता है।
खरीद एजेंसियां पहुंचीं, कागज तैयार करने में जुटे रहे अधिकारी
बुधवार को भी इंद्री अनाज मंडी में पीआर धान की खरीद शुरू नहीं हो पाई है, हालांकि हैफेड, खाद्य आपूर्ति व हरियाणा वेयर हाउस के अधिकारी मंडी में तो पहुंचे परंतु कागज़ी कार्रवाई को लेकर असमंजस की स्थिति रही।
मार्केट कमेटी सचिव जसबीर सिंह ने बताया कि पीआर धान की खरीद शुरू करवाने के लिए मार्केट कमेटी की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है । वीरवार से खरीद सुचारू रूप से शुरू होने की उम्मीद है। मंडी प्रधान सुमेर सिंह ने बताया कि अधिकारियों द्वारा मंगलवार को राइस मिलर्स के साथ हुई वार्ता के बाद खरीद जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है। बुधवार तक करीब 24 हजार क्विंटल पीआर धान आ चुकी है लेकिन खरीद एजेंसी व राइस मिलर्स के बीच तालमेल न होने के कारण मंडी में पीआर धान की खरीद शुरू नहीं हुई।