इंद्री कस्बे के एक प्रतिष्ठित स्कूल में साढे़ तीन साल की बच्ची से रेप करने के आरोपी प्रिंसिपल की गिरफ्तारी नही होने के मामले में परिजनों ने थाने में जमकर बवाल काटा। बच्ची के परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपी को बचाने का प्रयास कर रही है।
इंद्री पुलिस राजनीतिक दबाव में कार्रवाई नहीं कर रही है। परिजनों ने चेताया कि यदि इस मामले में जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन करेंगे। उधर, पुलिस इस मामले में एक दिन के भीतर ही आरोपी की गिरफ्तारी की बात कर रही है।
मंगलवार को बच्ची के परिजनों और गांव के सैकड़ों लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर रोष जताया। इन लोगों ने थाने में जमकर बवाल काटा। इनका आरोप है कि पुलिस इस मामले में निर्दोष को फंसाने का प्रयास कर रही है। इतना ही नहीं, पुलिस जांच के नाम पर बच्ची के परिजनों को नाजायज तंग किया जा रहा है। उन्हें बार-बार जांच के लिए थाने बुलाया जा रहा है।
बवाल काट रहे लोगों ने कहा कि यदि पुलिस जल्द कार्रवाई नहीं करती तो स्कूल को ताला जड़ दिया जाएगा और सड़क जाम की जाएगी। इंद्री पुुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया कि एक दिन के भीतर आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। यह स्कूल जिले में रहे एक एचसीएस अधिकारी का बताया जा रहा है। वहीं, इस मामले में आरोपी को बचाने वाले नेताओं व अन्य लोगों के खिलाफ भी मोर्चा खोला जाएगा।
ये है मामला
31 अक्तूबर को एक निजी स्कूल में नर्सरी कक्षा में पढ़ने वाली साढ़े तीन साल की बच्ची ने स्कूल के प्रिंसिपल पर दुराचार का आरोप लगाया था।
बच्ची के परिजनों ने आरोपी की शिकायत थाना इंद्री में दर्ज करवाई थी। बच्ची का मेडिकल भी करवाया गया और शिनाख्त परेड में पीड़ित ने आरोपी प्रिंसिपल को पहचान लिया था। इस मामले में पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। एक अन्य टीचर से भी पूछताछ की जा रही है, परंतु बच्ची के परिजन पुलिस की जांच से नाराज है।
विशेष टीम गठित : एसपी
एसपी शशांक आनंद ने बताया कि बच्ची से रेप के मामले में एसआईटी का गठन किया गया है। मामले में गंभीरता से जांच की जा रही है।
स्कूल की महिला टीचरों ने प्रिंसिपल पर लगे आरोपों को नकारा है। प्रिंसिपल सहित एक अन्य टीचर से पूछताछ की जा रही है। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। प्रिंसिपल की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है।
कार का संतुलन बिगड़ा, दंपति की मौत
करनाल के सिरसी के समीप एक कार पहले अज्ञात ट्रक से टकराई और बाद में संतुलन बिगड़ने से पेड़ से टकरा गई। इस कारण कार सवार दंपति की मौत हो गई। पुलिस ने दंपति के पुत्र हांसी रोड निवासी हरप्रीत सिंह के बयान पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
हांसी रोड स्थित गुरु नानकपुरा में रहने वाला 47 वर्षीय कंवलजीत सोमवार देर शाम अपनी 45 वर्षीय पत्नी अमरीक कौर के साथ पंजाब से वापस लौट रहा था। सिरसी के समीप पहुंचने पर अज्ञात ट्रक ने कार को चपेट में ले लिया। ट्रक से कार की भिड़ंत के बाद कार का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद कार सवार दंपति गंभीर रूप घायल हो गया।
राहगीरों की सहायता से उन्हें उपचार के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी जुंडला चौकी प्रभारी एएसआई श्रीकांत ने बताया कि दंपति पंजाब के समाना से अपनी रिश्तेदारी से लौट रहे थे। रिश्तेदारी में मौत होने के बाद दंपति अस्थि चुनने की रस्म करने गए थे।
गढ़ी खजूर में युवक ने लगाया फंदा
घरौंड़ा के गांव गढ़ी खजूर में युवक ने संदिग्ध परिस्थितियाें में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर गांव के ही दो युवकों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। मृतक के पिता टेकचंद की शिकायत पर कार्रवाई के बाद पुलिस ने डॉक्टरों के बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया है। अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
गढ़ी खजूर में रहने वाले 19 वर्षीय आकाश ने सोमवार देर शाम बाड़े में स्थित भूसे के गोदाम में फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनाें ने आरोप लगाया कि दो दिन पूर्व गांव के ही बब्बू व कालू ने आकाश से मारपीट की थी। उसे दोनों ने धमकी दी थी। मारपीट की शर्म के चलते आकाश ने सोमवार को फंदा लगा लिया। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर राजपाल ने बताया कि आकाश को कालू व बब्बू 11 नवंबर को दोनों आकाश को चौपाल पर ले गए थे, जहां दोनों ने उससे मारपीट की। इसके चलते आकाश ने सोमवार देर शाम अपने बाड़े में फंदा लगा लिया।
जहर गटकने वाले ने तोड़ा दम
दिगामी परेशानी के चलते गलती से जहर गटकने वाले युवक की मंगलवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर कार्रवाई की है। शक्तिपुरम का रहने वाला 24 वर्षीय जितेंद्र कुमार दिगामी रूप से परेशान था।
परेशानी के चलते जितेंद्र ने रविवार को घर पर रखी जहरीली दवाई को अपनी दवाई समझकर गटक लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे उपचार के लिए शहर के निजी अस्पताल में दाखिल कराया, जहां मंगलवार को उपचार के दौरान जितेंद्र ने दम तोड़ दिया। सेक्टर नौ चौकी प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है।