माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। बढ़ती गर्मी के बीच डिहाइड्रेशन के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है जिसे देखते हुए जिला नागरिक अस्पताल में जल्द ही ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन) काउंटर स्थापित किए जाएंगे। इन काउंटरों के माध्यम से मरीजों और तीमारदारों को मुफ्त में ओआरएस घोल उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को समय रहते पूरा किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, तापमान में तेजी से बढ़ोतरी के कारण हर रोज अस्पताल में चक्कर, उल्टी, कमजोरी और बेहोशी जैसे लक्षणों के साथ मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें अधिकतर मामले डिहाइड्रेशन से जुड़े पाए जा रहे हैं। ऐसे में ओआरएस काउंटर मरीजों के लिए त्वरित राहत का माध्यम बनेंगे। अस्पताल प्रशासन पहले ही ओपीडी और अन्य सेवाओं के समय में बदलाव कर चुका है, ताकि मरीजों को तेज धूप से बचाया जा सके। अब ओआरएस काउंटर शुरू होने से गर्मी से होने वाली बीमारियों पर नियंत्रण में मदद मिलेगी।
जिला नागरिक अस्पताल के प्रवक्ता डॉ. दीपक गोयल ने बताया कि गर्मी बढ़ने के कारण रोजाना डिहाइड्रेशन के मरीजों में इजाफा हो रहा है। उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और हल्के व ढीले कपड़े पहनें।