- सहोदय स्कूल कांप्लेक्स की ओर से हुई प्रतियोगिता में 15 टीमों ने लिया हिस्सा
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सहोदय स्कूल कांप्लेक्स की ओर से इंटर स्कूल ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें शहर के 15 स्कूलों की टीमों ने हिस्सा लिया। माउंट लिटरा जी स्कूल के मैदान में 16 से 50 किलोग्राम भार वर्ग में विभिन्न मुकाबले हुए। उत्साह से खेलते हुए सभी टीमों ने जीत के लिए पसीना बहाया। सर्वाधिक 59 पदक जीतने पर ओवरऑल ओपीएस इंटरनेशनल स्कूल की टीम प्रथम रही।
इससे पहले स्कूल प्रिंसिपल दीप बेदी ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ खेलों का आगाज किया। इस दौरान दयाल सिंह पब्लिक स्कूल सेक्टर-7 की टीम 32 पदक जीतकर द्वितीय और माउंट लिटरा जी स्कूल व प्रताप पब्लिक स्कूल कुंजपुरा 22 पदक जीतकर तृतीय स्थान पर रहे। मेजबान स्कूल की छात्रा वाणी ने स्वर्ण पदक, आराध्या और मानवी ने रजत व मायरा, ग्रेसिया, हरवीर, अन्वी ने कांस्य पदक जीता।
प्रधानाचार्य ने सभी विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेलों का जीवन में बड़ा महत्व है। खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास होता है। इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ावा मिलता है। प्रतियोगिता का संचालन ताइक्वांडो कोच अनिल ने किया। समीक्षक ताइक्वांडो कोच देवेंद्र अत्री, सुनील कुमार, प्रयास कादियान, आयुष कुमार, अभिषेक, निधि शर्मा और महेश रहे।