- एक की नियमित तो दूसरे की दूरस्थ मोड में की जा सकती पढ़ाई
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के अनुदान आयोग ने छात्रों को एक साथ दो डिग्री प्राप्त करने का अवसर दिया है। इससे छात्रों को दो अलग-अलग क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल करने और अपने कॅरिअर को बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा। ये उन विद्यार्थियाें, महिलाओं और अन्य लोगों के लिए फायदेमंद साबित होगी जिन्होंने 12वीं या कॉलेज के बाद अपनी पढ़ाई छोड़ दी है।
इसमें एक डिग्री ऑफलाइन मोड और दूसरी ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) मोड में इग्नू से कर सकते हैं। इसमें यह ध्यान रहे कि फिजिकल या ऑफलाइन मोड में दोनों कक्षाओं का समय एक न हो। डुअल डिग्री प्रोग्राम को एक या अलग-अलग विश्वविद्यालयों से किया जा सकता तथा दोहरी डिग्री छात्रों को विभिन्न क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल करने में मदद करती है, जिससे नौकरी के बाजार में उनकी प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ जाती है।
इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्म पाल ने बताया कि एक साथ दो डिग्री छात्र कम समय में प्राप्त कर सकते हैं, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होती है। दोहरी डिग्री छात्रों को विभिन्न क्षेत्रों में काम करने के लिए तैयार करती है, जिससे उनमें बहुमुखी प्रतिभा का विकास होता है।
उन्होंने बताया कि जो विद्यार्थी रेगुलर मोड में किसी पारंपरिक कॉलेज या यूनिवर्सिटी, पॉलिटेक्निक कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, फार्मेसी कॉलेज, एजुकेशन कॉलेज या किसी अन्य कॉलेज से पढ़ाई कर रहे हैं। ऐसे विद्यार्थी इग्नू से भी डिस्टेंस मोड से कोई कोर्स कर सकते हैं जिससे उनको उनके कॅरिअर को और अच्छा बनाने में सहायता मिलेगी, उनकी दक्षता में निखार आएगा और उनको दो फील्ड का एक साथ ज्ञान होगा। इग्नू के विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिले अभी चल रहे हैं जिसकी अंतिम तिथि 15 जुलाई है।