माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा व यहां रह रहे बिहार राज्य के लोगों को छठ पूजा की बधाई देते हुए कहा कि इस दिन सूर्य देवता को अर्घ्य दिया जाता है। सूर्य हमारे जीवन में एक प्रकाश पुंज है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष लोकतंत्र को बनाए रखने के लिए उचित मतदाताओं को ही वोट डालने का अधिकार होना चाहिए। गलत मतदाता यदि कहीं दर्ज हो जाता है तो उसका वोट कटना चाहिए।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनतंत्र को बनाए रखने के लिए गलत मतदाताओं के वोट काटने का फैसला चुनाव आयोग का है और समय-समय पर आयोग इस संबंध में कार्य करता है। धान खरीद पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इस बार अधिक वर्षा के कारण धान की फसल में नमी है। किसानों से आह्वान किया कि वे मंडियों में धान को सुखाकर लाएं। इस मौके पर करनाल के विधायक जगमोहन आनंद, असंध के विधायक योगेंद्र राणा, केंद्रीय मंत्री मंत्री के प्रतिनिधि कविंद्र राणा, जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर व भाजपा वरिष्ठ नेता बृजभूषण गुप्ता सहित अन्य भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।