करनाल। शहर में 1.64 लाख संपत्तियों में अभी तक 57071 संपत्ति आई ही स्वप्रमाणित हो सकी है। निगमायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने लोगों से अपील की कि सभी संपत्तिधारक अपनी प्रॉपर्टी आईडी. को स्व-प्रमाणित अवश्य कर लें। जिन्होंने संपत्तियों में नाम, क्षेत्र, पता व संपर्क नंबर जैसी त्रुटियां दूर हो चुकी है, वह भी संपत्ति आईडी को स्व-प्रमाणित कर उसे सुरक्षित कर लें, क्योंकि स्व-प्रमाणित होने के बाद संपत्ति आईडी से कोई दूसरा छेड़छाड़ नहीं कर सकता।
निगमायुक्त ने बताया कि जिन्होंने हाल ही में रजिस्ट्री करवाई है, वह भी संपत्ति आईडी. पर अपना सारा विवरण अच्छे से चेक करके उसे स्व-प्रमाणित कर अपनी आईडी. को लॉक कर लें, ताकि कोई अन्य व्यक्ति प्रॉपर्टी आईडी. से किसी प्रकार की छेड़छाड़ न कर सके।
ये भी देख लें कि यदि किसी संपत्ति आईडी डाटा में कोई त्रुटि हो, तो रजिस्ट्री व आधार कार्ड जैसे संबंधित दस्तावेज लेकर किसी भी कार्य दिवस में नगर निगम कार्यालय के नागरिक सुविधा केंद्र (सीएफसी.) में आकर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं। इस कार्य के लिए दो खिड़की अलग से लगाई गई हैं। इसके अलावा जिनका डाटा सही है, वह भी इन पर आकर स्वप्रमाणित करवा सकते हैं। नागरिक इस कार्य के लिए नगर निगम की टीमों का सहयोग करें।
-
स्वयं कर सकते हैं आईडी स्वप्रमाणित
- एनडीसी. पोर्टल property.ulbharyana.gov.in (प्रॉपर्टी डॉट यूएलबी हरियाणा डॉट जीओवी डॉट इन) साइट पर जाएं। यदि इसमें पहले से पंजीकरण है तो ठीक हैं, अन्यथा नया पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) का बटन क्लिक कर उस पर अपना ब्यौरा दर्ज करें। इसके पश्चात अपने रजिस्टर्ड मोबाईल नंबर से लॉगिन करें तथा सर्च फील्ड में जाकर संपत्ति आईडी. को सर्च करें। फिर प्रॉपर्टी का ब्यौरा पर क्लिक कर उसे चेक करें। प्रत्येक ब्यौरा के आगे यश व नो, दोनों विकल्प मिलेंगे। उसे ध्यान से पढ़ने के बाद, सारा डाटा ठीक दिखाई दे, तो उसे यश कर दें। सारी जानकारी को येस करने के बाद अंत में परिवार पहचान पत्र या आधार नंबर डालकर सब्मिट करें, उसके पश्चात प्रॉपर्टी आई.डी. स्व-प्रमाणित हो जाएगी।
करंट लोकेशन से पता कराएं संपत्ति आईडी
- निगमायुक्त ने बताया कि जिन लोगों को अपनी नई प्रॉपर्टी आईडी. नहीं मालूम है तो वह अपनी प्रॉपर्टी की करंट लोकेशन लेकर इन्हीं खिड़कियों से अपनी नई प्रॉपर्टी आईडी. प्राप्त कर सकता है। यदि उनके पास अपनी पुरानी संपत्ति आईडी. है, तो वह उसे भी साथ लेकर आएं।