करनाल-सीतामाई वाया ढांड रोड पर सोमवार सुबह साढ़े पांच बजे सड़क हादसे में हरियाणा स्टाफ सेलेक्शन कमीशन की क्लर्क की परीक्षा देने जा रही महिला अभ्यर्थी की मौत हो गई, जबकि चालक समेत तीन अन्य महिलाएं भी घायल हो गईं। घायलों को पहले करनाल और बाद में हिसार के अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्लर्क की परीक्षा देने के लिए हिसार जिले के गांव सदलपुर से चार महिलाएं बलेरो गाड़ी में सवार होकर करनाल की ओर जा रही थीं। गांव का ही विनोद गाड़ी चला रहा था। करनाल-सीतामाई रोड पर ढांड की तरफ से आ रही बलेरो गाड़ी जैसे ही गांव माजरा रोड़ान के पास पहुंची तो सामने से ट्रक तेज गति से आ रहा था। बलेरो के समीप पहुंचते ही ट्रक चालक ने कट मारा तो उसका पीछे का हिस्सा बलेरो गाड़ी को लगा। इससे बलेरो गाड़ी का संतुलन बिगड़ना वह किनारे पर खड़े पेड़ों से टकरा कर पलट गई। सड़क पर गुजर रहे वाहन चालकों व ग्रामीणों कड़ी मशक्कत से गाड़ी को सीधा किया। इसमें सवार चार महिलाओं व चालक को गाड़ी से बाहर निकाला। इनमें से एक महिला किरण देवी पत्नी प्रमोद की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। अन्य महिलाएं और गाड़ी चालक बुरी तरह घायल थे। पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर एंबुलेंस पहुंची। जिस पर घायलों को करनाल इलाज के लिए ले जाया गया। सीतामाई पुलिस चौकी के इंचार्ज रमेश कुमार का कहना है कि सुबह साढ़े पांच बजे के करीब बलेरो गाड़ी पलटने से हिसार जिले के गांव सदलपुर की किरण की मौत हो चुकी है। घायलों को इलाज के लिए रेफर किया गया है। पास में ही पलटी कार की सूचना उनके पास नहीं है।
सब्जी बेचने वाले ने दी हादसे की सूचना
गांव माजरा रोड़ान निवासी जयप्रकाश ने बताया कि वह हर रोज ढांड सब्जी मंडी से खरीद कर बेचने का कार्य करता है। उसने बताया कि सुबह जैसे ही वह घर से ढांड के लिए निकला तो गांव से कुछ दूरी पर एक ट्रक चालक की टक्कर से बलेरो गाड़ी पलट गई थी। सड़क से गुजर रहे चालकों ने वाहनों को रोक कर गाड़ी में फंसे लोगों को निकाला। इसमें से एक महिला की मौत हो चुकी थी और अन्य बुरी तरह घायल थे।