संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली गोलियां व कैप्सूल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी से 340 नशीली गोलियां व कैप्सूल सहित एक अवैध पिस्तौल भी बरामद की है।
नीलोखेड़ी चौकी प्रभारी संदीप कुमार के अनुसार 21 अप्रैल को उनकी टीम नीलोखेड़ी गोल मार्केट में मौजूद थी तभी सूचना मिली कि अंकुश निवासी तरावड़ी अपने नीलोखेड़ी के किराये के मकान में प्रतिबंधित नशीली गोलियां व कैप्सूल बेचने का धंधा करता है और आरोपी के पास अवैध हथियार भी हैं। मौके पर छापा मारा तो वहां आरोपी अंकुश मिला। कमरे की तलाशी ली गई तो एक थैले में 295 गोली अल्प्रामेड व 45 कैप्सूल ट्रामाडोल, कुल 340 गोलियां व कैप्सूल बरामद किए गए। आरोपी से एक देसी पिस्तौल भी बरामद की गई। आरोपी ने खुलासा किया कि वह काफी समय से प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बेचने का धंधा करता है।
वह प्रतिबंधित दवाइयों को उत्तर प्रदेश के जिला शामली के गांव बडौली से सस्ते दाम पर खरीदकर लाता है और करीब दो गुने महंगे दाम पर बेचता है। आरोपी के खिलाफ पहले भी दो मामले थाना तरावड़ी में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हैं। इनमें से एक मामले में आरोपी जमानत पर था। खुलासा हुआ कि जब भी कोई आरोपी को इस अवैध धंधा करने के लिए मना करता था तो वह उन्हें गोली मारने की धमकी देकर डरा देता था।