कुरुक्षेत्र में जमीन की खरीद फरोख्त में पुलिस ने करोड़ों की धोखाधड़ी के आरोपी एक प्रेमपाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां न्यायालय ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना शहर थानेसर में माडल टाउन निवासी नरेंद्र कौर पुत्री रिछपाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कृष्णानगर गामड़ी निवासी प्रेमपाल, संगम स्वीट्स फर्म के मालिक सुनील संगम, प्रेमपाल की पुत्री सुनीता व न्यू मॉडल टाउन झांसा रोड निवासी रमेश कुमार ने मिलकर प्लाट खरीदने के मामले में उसके साथ धोखाधड़ी की है।
नरेंद्र कौर ने बताया कि अप्रैल माह में उपरोक्त आरोपियों ने मिलकर उसके साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की है। शिकायतकर्ता ने अप्रैल 2013 में जमीन बेची थी और आरोपियों ने 2 करोड़ 50 लाख का चेक दिया था।
परंतु गांव ईशरगढ़ के एरिया में खेती की जमीन दिलवाने के बहाने चेक वापस ले लिया और चेक की फोटो स्टेट कापी शिकायतकर्ता को वापस दे दी थी। बाद में न तो पैसे व न ही चेक वापस दिया और उसके साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की।
थाना थानेसर से उपनिरीक्षक प्रवीन कुमार की पुलिस टीम ने मामले में आरोपी प्रेमपाल को गिरफ्तार किया।