माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। रेलवे अंडरपास के नीचे सोमवार की सुबह 4 बजे मंडी जा रहे सब्जी विक्रेता रोशन लाल को चार बदमाशों ने लूट लिया। रोशन लाल एक रिक्शा में सब्जी लेकर जा रहे थे। रिक्शे की चेन उतरने पर मदद का बहाना कर बदमाश उनके पास आए। गमछे से दबोचकर उसका मोबाइल व पर्स छीनकर फरार हो गए।
पर्स में करीब 13 हजार रुपये नकद थे। मोबाइल की कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई जा रही है। घटना की सूचना पर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने नहर किनारे से मोबाइल को बरामद कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में शिव कॉलोनी निवासी रोशन लाल ने बताया कि वे रोजाना की तरह सब्जी लेने के लिए सुबह करीब 4 बजे रिक्शा लेकर सब्जी मंडी जा रहे थे। रेलवे अंडरपास पर पहुंचे तो रिक्शा की चेन उतर गई। अंडरपास के नीचे अंधेरा था इसलिए उन्होंने मोबाइल की टॉर्च जलाकर चेन ठीक करना शुरू किया।
इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार युवक पहुंचे। मदद करने का नाटक करने लगे। एक युवक ने रोशन लाल का मोबाइल पकड़कर देखने का बहाना किया। तभी पीछे से दूसरे युवक ने उनके गले में पड़ा गमछा कस दिया। इसी बीच अन्य युवकों ने उनका पर्स छीन लिया। धक्का देकर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। पीड़ित रोशन लाल ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर इकट्ठे हो गए।
थाना प्रभारी धर्मपाल ने बताया कि पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस ने मोबाइल नहर किनारे से बरामद कर लिया है। आरोपियों की पहचान के लिए अंडरपास के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-